क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027: दिल्ली विश्वविद्यालय भारत में तीसरे स्थान पर

High Resolution Delhi University Logo .. Sanjay Kapoor

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: सस्टेनेबिलिटी 2027 में अपनी स्थिति पहले के मुक़ाबले और मजबूत की है। विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर पर पिछले वर्ष के 241वें से स्थान से इस बार 237वें स्थान पर पहुँच गया है। एशिया में डीयू 36वें स्थान से से 30वें और भारत में चौथे से तीसरे स्थान पर आ गया है। यह जानकारी देते हुए डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुल स्कोर में भी इस बार काफी सुधार हुआ है। जो स्कोर 2026 रैंकिंग में 80.9 था वो 2027 रैंकिंग में बढ़कर 84.2 हो गया है। इस नवीनतम रैंकिंग में दुनिया भर के 2,004 संस्थान शामिल हैं, जिनमें एशिया के 850 और भारत के 100 संस्थान हैं।

इस साल की रैंकिंग में डीयू के लिए बड़ी बात यह है कि दिल्ली विश्वविद्यालय चार प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (performance indicators) – पर्यावरण शिक्षा, ज्ञान का आदान-प्रदान, शिक्षा का प्रभाव और सुशासन- में भारत में पहले स्थान पर रहा है। ये उपलब्धियां सस्टेनेबिलिटी (स्थिरता) पर केंद्रित शिक्षा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान साझा करने, समाज में योगदान और संस्थागत प्रशासन के क्षेत्रों में डीयू की मजबूती को दर्शाती हैं। डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय समुदाय को बधाई देते हुए कहा कि क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग (स्थिरता रैंकिंग) में दिल्ली विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति, शैक्षणिक उत्कृष्टता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और समाज पर सार्थक प्रभाव डालने के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। भारत में तीसरा स्थान और चार महत्वपूर्ण संकेतकों (इंडिकेटर्स) में पहला स्थान हासिल करना विश्वविद्यालय के लिए बड़े गर्व की बात है। ये उपलब्धियां एक ऐसी संस्था बनाने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती हैं, जो वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी हो, सामाजिक रूप से जिम्मेदार हो और टिकाऊ (सस्टेनेबल) हो। कुलपति ने इस बात पर भी जोर दिया कि विश्वविद्यालय स्थिरता-केंद्रित शिक्षा और अनुसंधान को मजबूत करना जारी रखेगा, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का विस्तार करेगा, परिसर में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार प्रथाओं को बढ़ावा देगा, और संयुक्त राष्ट्र के ‘सतत विकास लक्ष्यों’ (SDGs) में अपना योगदान बढ़ाएगा। प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय इस उपलब्धि पर अपने संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं, छात्रों, पूर्व छात्रों और कर्मचारियों के सामूहिक योगदान के लिए उन्हें बधाई देता है, और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावशाली शोध, समावेशी विकास तथा टिकाऊ संस्थागत प्रथाओं को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प को दोहराता है। दिल्ली विश्वविद्यालय ने ‘पर्यावरण प्रभाव’ (Environmental Impact) और ‘सामाजिक प्रभाव’ (Social Impact) जैसी दो प्रमुख श्रेणियों में अपने स्कोर में सुधार किया है, जबकि ‘सुशासन’ (Governance) के क्षेत्र में भी अपना बेहतरीन प्रदर्शन बनाए रखा है।

पर्यावरण प्रभाव (Environmental Impact): डीयू का स्कोर 80.6 से बढ़कर 84.3 हो गया है, जो सस्टेनेबिलिटी से जुड़ी शिक्षा, शोध और संस्थागत तौर-तरीकों में निरंतर प्रगति को दर्शाता है। पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में, विश्वविद्यालय ने अपनी वैश्विक रैंकिंग 53वें से सुधारकर 51वीं कर ली है और 95.7 के शानदार स्कोर के साथ भारत में शीर्ष स्थान हासिल किया है। पर्यावरण शोध (Environmental Research) में भी वैश्विक स्तर पर 616वें से 590वें स्थान पर सुधार हुआ है, जबकि ‘पर्यावरण सस्टेनेबिलिटी’ स्कोर 64.4 से काफी बढ़कर 71.9 हो गया है।

सामाजिक प्रभाव: विश्वविद्यालय ने अपनी वैश्विक रैंकिंग में 435वें से 404वें स्थान तक उल्लेखनीय सुधार किया है, और इसका स्कोर 77.4 से बढ़कर 82.1 हो गया है। ‘नॉलेज एक्सचेंज’ (ज्ञान आदान-प्रदान) के क्षेत्र में इसका प्रदर्शन विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा है, जहां दिल्ली विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर पर 94वें से 66वें स्थान पर आ गया है। 98.1 के स्कोर के साथ, डीयू ने भारत में अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। ‘शिक्षा के प्रभाव’ (इम्पैक्ट ऑफ एजुकेशन) के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय ने, वैश्विक स्तर पर 786वें से 674वें स्थान पर पहुँच कर, काफी सुधार किया है और इस मानक में अपनी राष्ट्रीय अग्रणी स्थिति बनाए रखी है। ‘स्वास्थ्य और कल्याण’ (हेल्थ एंड वेल्बीइंग) के क्षेत्र में विश्वविद्यालय ने 223 स्थानों का सुधार किया है; यह वैश्विक स्तर पर 1,193वें से 970वें स्थान पर आ गया है और इसका स्कोर 64.1 से बढ़कर 70.5 हो गया है।

शासन (गवर्नेंस): ‘सुशासन’ (गुड गवर्नेंस) के क्षेत्र में विश्वविद्यालय ने 90.9 का स्कोर हासिल करते हुए भारत में अपना पहला स्थान बनाए रखा है। विश्वविद्यालय इस श्रेणी में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। इस श्रेणी के अंतर्गत संस्थागत पारदर्शिता, नैतिक शासन, जवाबदेही और हितधारकों की भागीदारी का मूल्यांकन किया जाता है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.