सिंधु सभ्यता भारत की साझी सांस्कृतिक विरासत, इसे किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं किया जा सकता : इमाम डॉ. उमैर अहमद इलियासी
सिंधु की सभ्यता भारत की राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आधार : डॉ. इमाम इलियासी
आर्यभट्ट कॉलेज में ‘सिंधु : सभ्यतागत विरासत, राष्ट्रीय एकीकरण और भारत की उत्तर-पश्चिमी सीमा का सामरिक महत्व’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित

नई दिल्ली, 19 नवंबर 2029। ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन के मुख्य इमाम डॉ. उमैर अहमद इलियासी ने कहा कि सिंधु सभ्यता किसी एक धर्म, समुदाय अथवा वर्ग की विरासत नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण भारतीय उपमहाद्वीप की साझी सभ्यतागत पहचान है। इसे वर्तमान धार्मिक पहचानों के दायरे में सीमित करने के बजाय समूची मानवता और भारत की साझा सांस्कृतिक धरोहर के रूप में देखा जाना चाहिए।
वे आर्यभट्ट कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘सिंधु: सभ्यतागत विरासत, राष्ट्रीय एकता और भारत की उत्तर-पश्चिमी सीमा का रणनीतिक महत्व’ में विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी में देश के प्रतिष्ठित इतिहासकारों, शिक्षाविदों, विद्वानों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने सिंधु सभ्यता की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, राष्ट्रीय और सामरिक महत्ता पर विचार-विमर्श किया।
अपने संबोधन में डॉ. इमाम इलियासी ने कहा कि सिंधु सभ्यता केवल इतिहास का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी साझी पहचान, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय भविष्य से भी जुड़ी हुई है। हजारों वर्ष पुरानी इस सभ्यता ने मानव समाज को नगर नियोजन, जल प्रबंधन, व्यापार, शिल्पकला और सामाजिक व्यवस्था के क्षेत्र में उन्नति के उल्लेखनीय उदाहरण दिए हैं। हड़प्पा और मोहनजोदड़ो जैसे प्राचीन नगर इस बात के प्रमाण हैं कि हमारे पूर्वज कितने विकसित और दूरदर्शी थे।

उन्होंने कहा कि सिंधु नदी ने केवल कृषि और जीवन को आधार नहीं दिया, बल्कि विभिन्न समाजों को जोड़ने, व्यापारिक मार्ग विकसित करने और सांस्कृतिक संवाद को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सिंधु सभ्यता का इतिहास वर्तमान में प्रचलित हिंदू और मुस्लिम जैसी धार्मिक पहचानों से भी बहुत पुराना है। इसलिए इस विरासत को किसी एक समुदाय के अधिकार से जोड़ना उचित नहीं होगा।

इमाम डॉ. इलियासी ने कहा कि एक मुस्लिम धार्मिक रहनुमा के रूप में सिंध और इस्लाम की ऐतिहासिक यात्रा का उल्लेख करना भी आवश्यक है। इस क्षेत्र के अरब व्यापारियों के साथ संपर्क प्राचीन काल से विकसित हो रहे थे। सिंध में इस्लाम का सामाजिक और सांस्कृतिक प्रसार एक लंबी ऐतिहासिक प्रक्रिया का परिणाम रहा, जिसमें व्यापारियों, विद्वानों, सूफियों, संतों और स्थानीय समाज के संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी क्षेत्र में राजनीतिक सत्ता की स्थापना और उसकी सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान का विकास दो अलग-अलग ऐतिहासिक प्रक्रियाएँ हैं।
सिंध की सूफी परंपरा ने दिया प्रेम और इंसानियत का संदेश; सिंध की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए डॉ. इलियासी ने कहा कि सिंध की चर्चा उसकी समृद्ध सूफी परंपरा के बिना अधूरी है। शाह अब्दुल लतीफ भिटाई, सचल सरमस्त और लाल शाहबाज कलंदर जैसे महान सूफी संतों ने प्रेम, करुणा, इंसानियत और आध्यात्मिक समर्पण का संदेश दिया। उनकी शिक्षाओं और रचनाओं का प्रभाव केवल एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों ने उनसे प्रेरणा प्राप्त की।
डॉ. इमाम इलियासी ने कहा कि शाह अब्दुल लतीफ भिटाई की कविताओं में स्थानीय लोककथाओं और मानवीय प्रेम के माध्यम से गहरे आध्यात्मिक संदेश मिलते हैं। वहीं लाल शाहबाज कलंदर की दरगाह विभिन्न समुदायों की साझा आस्था और सांस्कृतिक साझेदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण है। सिंध की संस्कृति हमें सिखाती है कि किसी व्यक्ति को उसकी धार्मिक पहचान से नहीं, बल्कि उसके चरित्र, व्यवहार और इंसानियत से समझना चाहिए।
डॉ. इमाम इलियासी ने पवित्र कुरान की सूरह अल-हुजुरात की आयत 13 का उल्लेख करते हुए कहा कि अल्लाह ने मनुष्यों को विभिन्न जातियों और समुदायों में इसलिए बनाया है, ताकि वे एक-दूसरे को पहचानें और समझें। उन्होंने कहा कि इस आयत का संदेश स्पष्ट है कि विविधता विरोध का नहीं, बल्कि परस्पर परिचय, सम्मान और भाईचारे का माध्यम बननी चाहिए। अलग-अलग भाषा, धर्म, जाति और संस्कृति के लोग एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे की पहचान और सामाजिक समृद्धि के सहभागी हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण गोपाल जी के संबोधन और संगोष्ठी की पहल की सराहना; अपने संबोधन के प्रारंभ में इमाम डॉ. इलियासी ने कहा कि कार्यक्रम में डॉ. कृष्ण गोपाल जी ने अनेक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर प्रकाश डाला, जिनसे उन्हें भी कई नई जानकारियाँ प्राप्त हुईं। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य द्वारा संस्थान और उसकी इमारत के नामकरण से संबंधित दी गई जानकारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने सिंध की सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े प्रोफेसर रवि प्रकाश टेकचंदानी की पारंपरिक वेशभूषा की सराहना करते हुए कहा कि यह पहनावा भी उस ऐतिहासिक संस्कृति और विरासत का प्रतीक है, जिसकी चर्चा संगोष्ठी में की जा रही है।

डॉ. इलियासी ने बताया कि इस विषय पर डॉ. सैयद एस.एस. अशरफ ने उनसे पहले चर्चा की थी और संगोष्ठी में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने कहा कि यद्यपि यह विषय उनकी विशेषज्ञता का क्षेत्र नहीं है, लेकिन यह भारत की साझा विरासत और राष्ट्रीय पहचान से जुड़ा विषय है। इसलिए इसमें भाग लेना, विषय को समझना और देश के प्रतिष्ठित विद्वानों को सुनना उनके लिए प्रसन्नता का विषय है।
उन्होंने डॉ. कृष्ण गोपाल जी द्वारा इस आयोजन के विचार को समर्थन दिए जाने और आर्यभट्ट कॉलेज द्वारा संगोष्ठी के लिए मंच उपलब्ध कराने की सराहना की। उन्होंने आयोजकों और सभी सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
प्रथम सत्र में प्रतिष्ठित इतिहासकारों और विद्वानों ने रखे विचार; संगोष्ठी के प्रथम सत्र का संचालन डॉ. नरेंद्र शुक्ला ने किया। इस सत्र में प्रो. माखन लाल जी, प्रो. रवि प्रकाश टेकचंदानी जी , डॉ. प्रफुल्ल केतकर जी तथा प्रो. सैयद मुबीन ज़ेहरा जीने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने सिंधु सभ्यता की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सांस्कृतिक निरंतरता, राष्ट्रीय एकीकरण तथा भारत की उत्तर-पश्चिमी सीमा के ऐतिहासिक और सामरिक महत्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कृष्ण गोपाल जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन के मुख्य इमाम डॉ. उमैर अहमद इलियासी तथा मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. शांतेश कुमार सिंह जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का स्वागत संबोधन प्रो. मनोज सिन्हा जी ने दिया, जबकि विषय की अवधारणा और रूपरेखा डॉ. एस.एस. अशरफ ने प्रस्तुत की, संगोष्ठी का उद्देश्य सिंधु की प्राचीन सभ्यतागत विरासत को राष्ट्रीय एकीकरण और भारत की उत्तर-पश्चिमी सीमा के सामरिक महत्व के व्यापक परिप्रेक्ष्य में समझना तथा विभिन्न अकादमिक दृष्टिकोणों के माध्यम से इस विषय पर सार्थक संवाद को आगे बढ़ाना था।
