एएमयू की छात्रा जूही फरीदी को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, कैम्ब्रिज में किया शोध प्रस्तुत

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग की छात्रा जूही फरीदी ने प्रतिष्ठित बेस्ट पोस्टर अवॉर्ड जीतकर विश्वविद्यालय का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। यह सम्मान उन्हें यूनिवर्सिटी ऑफ ससेक्स, ब्राइटन (यूनाइटेड किंगडम) में आयोजित न्यूरोमॉर्फिक हार्डवेयर एंड एल्गोरिद्म्स वर्कशॉप में प्रदान किया गया।
प्रो. मोहम्मद हसन और प्रो. उमर फारूक के मार्गदर्शन में शोध कर रहीं जूही को यह पुरस्कार आईओपी पब्लिशिंग की पत्रिका  न्यूरोमॉर्फिक कंप्यूटिंग एवं इंजीनियरिंग के सहयोग से प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के साथ वह इस सम्मान को प्राप्त करने वाली एशिया की एकमात्र शोधार्थी बनीं। कार्यशाला में उनकी भागीदारी यूनिवर्सिटी ऑफ ससेक्स में डॉ. जेम्स नाइट के निर्देशन में इंजीनियरिंग एंड फिजिकल साइंसेज रिसर्च काउंसिल (ईपीएसआरसी) की फेलोशिप के माध्यम से संभव हुई।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद जूही को प्रतिष्ठित कैम्ब्रिज न्यूरोवर्क्स 2026 सम्मेलन में भारत की एकमात्र प्रस्तुतकर्ता के रूप में आमंत्रित किया गया। यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज के रे डॉल्बी सेंटर, कैवेंडिश लेबोरेटरी में आयोजित इस सम्मेलन में उन्होंने एफपीजीए आधारित क्लाउड-स्वतंत्र, रियल-टाइम कार्डियक एरिद्मिया (हृदय की अनियमित धड़कन) की पहचान के लिए विकसित एक अभिनव हार्डवेयर-सॉफ्टवेयर सह-डिजाइन फ्रेमवर्क पर अपना शोध प्रस्तुत किया।
इस सफलता पर जूही फरीदी ने अपने मार्गदर्शक प्रो. मोहम्मद हसन और प्रो. उमर फारूक के मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सह-लेखक एवं शोध सहयोगी मोहम्मद अरीब हसनैन के योगदान को भी इस परियोजना की सफलता में महत्वपूर्ण बताया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.