प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय ने सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ के प्रकाशन की खरीद को दी मंजूरी

नरेंद्र मोदी–वर्ल्ड्स सिविलियन अवॉर्ड्स को राष्ट्रीय संस्थान के संग्रह में मिलेगी जगह; प्रो. जसीम मोहम्मद ने इसे संस्थान के लिए बताया बड़ा सम्मान

नई दिल्ली, 23 नवंबर 2026। सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ की शोध एवं प्रकाशन गतिविधियों को महत्वपूर्ण पहचान मिली है। भारत सरकार के अधीन प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय ने सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘नरेंद्र मोदी–वर्ल्ड्स सिविलियन अवॉर्ड्स’ की खरीद को मंजूरी देते हुए आधिकारिक वर्क ऑर्डर जारी किया है। इस पुस्तक का संपादन एवं संकलन प्रो. जसीम मोहम्मद ने किया है।  इस उपलब्धि पर सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ के अध्यक्ष प्रो. जसीम मोहम्मद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय के निदेशक तथा संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने इसे सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ के लिए गौरव और प्रतिष्ठा का विषय बताया।

प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि किसी प्रकाशन संस्थान के लिए पुस्तक की खरीद का आर्थिक पक्ष महत्वपूर्ण हो सकता है, लेकिन उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उसके शोध एवं रचनात्मक कार्य को मिलने वाला सम्मान और अकादमिक पहचान है। प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थान द्वारा पुस्तक की मांग किया जाना और उसे अपने संग्रह में स्थान देना सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ के लिए विशेष सम्मान की बात है। यह उपलब्धि उनके व्यक्तिगत प्रयासों के साथ-साथ संस्थान से जुड़े सभी शोधकर्ताओं, लेखकों और सहयोगियों के लिए भी उत्साहवर्धक है।

ट्रस्टी प्रो. दिव्य तंवर ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान की अकादमिक एवं प्रकाशन गतिविधियों को मिली सकारात्मक पहचान है। इससे शोधार्थियों, लेखकों और प्रकाशन कार्य से जुड़े लोगों को भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।  रिसर्च एसोसिएट तुषिता भंडारी ने कहा कि सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के विषयों पर शोध, दस्तावेजीकरण और गुणवत्तापूर्ण प्रकाशन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ ने इस प्रोत्साहन एवं सम्मान के लिए प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय, भारत सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.