एएमयू में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सामुदायिक चिकित्सा विभाग ने महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर एक शैक्षणिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। विभाग की अध्यक्ष प्रो. उज्मा इरम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की विषयवस्तु “महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा समाप्त करने के लिए एकजुट हों: न्याय सुनिश्चित करें, पीड़ितों की रक्षा करें और दोषियों को दंड से बचने न दें” थी।
डॉ. युवराजसिंह राज (जेआर-2) ने कार्यक्रम का संचालन किया और वक्ताओं का परिचय कराया।
मुख्य अतिथि एएमयू के इतिहास विभाग की प्रो. शादाब बानो ने “लैंगिक आधार पर होने वाली हिंसा को समझना और उसका विरोध करना” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि लैंगिक हिंसा संरचनात्मक असमानता, पितृसत्तात्मक मान्यताओं और असमान शक्ति संबंधों का परिणाम है। उन्होंने घरेलू, सार्वजनिक, डिजिटल और संस्थागत क्षेत्रों में हिंसा के विभिन्न रूपों पर चर्चा करते हुए विभिन्न सामाजिक पहचानों के आपसी प्रभाव को समझने और सामाजिक सोच में बदलाव लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में इस विषय के कानूनी और सांस्कृतिक पहलुओं पर भी चर्चा हुई। बीए एलएल.बी. अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों सैयद अहमद नवाज जैदी और मोहम्मद हारिस ने लैंगिक हिंसा से संबंधित भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसी घटनाओं में सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है और शिकायत कहां दर्ज कराई जा सकती है। एमबीबीएस विद्यार्थियों सुमैया और फरमान ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान का संदेश देने वाला गीत प्रस्तुत किया।
डॉ. समीना अहमद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.