डॉ. जेड.ए. डेंटल कॉलेज में “विदेश में अध्ययन के अवसर” विषय पर व्याख्यान

अलीगढ़,  मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के डॉ. जियाउद्दीन अहमद डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल की डेंटल कॉलेज सोसायटी द्वारा “विदेश में अध्ययन के अवसर” विषय पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अवसरों, छात्रवृत्तियों, शोध के मार्गों तथा विदेश में कैरियर विकास संबंधी जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लेकर उच्च शिक्षा और वैश्विक शैक्षणिक अनुभवों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मुख्य व्याख्यान डॉ. अहमद शोएब हाशमी ने प्रस्तुत किया, जिन्हें हाल ही में जोंस होपकिंस ब्लूमबर्ग स्कूल आफ पब्लिक हेल्थ में प्रतिष्ठित “सोमर स्कॉलरशिप”प्राप्त हुई है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रमों की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं, जैसे मजबूत शोध प्रोफाइल तैयार करना, शोध पत्र प्रकाशन, नेटवर्किंग, छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया तथा साक्षात्कार की तैयारी आदि पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा और उन अनुभवों को भी साझा किया, जिनकी बदौलत उनका चयन इस अत्यंत प्रतिस्पर्धी कार्यक्रम के लिए हुआ।

डॉ. हाशमी की उपलब्धि विशेष महत्व रखती है क्योंकि “सोमर स्कॉलरशिप” प्रतिवर्ष विश्वभर से केवल 14 विद्वानों को प्रदान की जाती है। संवाद सत्र के दौरान डॉ. मैरी वेस्ट ने डॉ. हाशमी के शोध प्रकाशनों एवं जनस्वास्थ्य पहलों की सराहना करते हुए कहा कि वे सोमर स्कॉलर्स प्रोग्राम के पिछले 20 बैचों में इस पुरस्कार को प्राप्त करने वाले पहले दंत चिकित्सक हैं।

डेंटल कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य एवं पीरियोडोंटोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. एन. डी. गुप्ता ने डॉ. हाशमी को बधाई देते हुए डेंटल कॉलेज सोसायटी द्वारा आयोजित इस ज्ञानवर्धक शैक्षणिक सत्र की सराहना की। उन्होंने आधुनिक स्वास्थ्य शिक्षा में वैश्विक सहयोग और अंतःविषयक शोध की बढ़ती आवश्यकता पर बल दिया।

डॉ. हाशमी ने अपने मार्गदर्शकों प्रो. एन. डी. गुप्ता, डॉ. सैफ खान तथा प्रो. असद यू. खान द्वारा मिले प्रोत्साहन एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्तकिया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने इस सत्र को भावी शोधकर्ताओं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अध्ययन करने के इच्छुक छात्रों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.