एएमयू में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन मैबेक्सिस-26 संपन्न, खेल विज्ञान में वैश्विक सहयोग पर जोर

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन ‘मूवमेंट एनालिटिक्स, बायोमेडिसिन एंड एक्सरसाइज इंटीग्रेटेड साइंसेज’ (मैबेक्सिस-26) का जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सभागार में समापन हुआ। इसमें अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, चिकित्सा पेशेवरों, शोधकर्ताओं और युवा विद्वानों ने भाग लिया।
सम्मेलन में भारत और विदेशों के विशेषज्ञों ने गति विज्ञान, जैव चिकित्सा, व्यायाम अनुसंधान, खेल चिकित्सा, जैव यांत्रिकी, पुनर्वास, खेल कानून और खेल अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नवीनतम प्रगति पर विचार-विमर्श किया। सम्मेलन का उद्घाटन एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने किया। मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ के कुलपति प्रो. पी. के. दशोरा मुख्य अतिथि तथा प्रो. जावेद अली विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन में रूस से प्रो. स्तानिस्लाव बोबोवकिन, प्रो. विक्टर माचेखिन, प्रो. मिखाइल नबातोव, प्रो. ओल्गा ट्रोफिमेंको, प्रो. पावलोस किपोरास, प्रो. अनास्तासिया शेइना, प्रो. वालेरी लापशिन और प्रो. मिखाइल उस्पेंस्की, दक्षिण अफ्रीका से प्रो. यवोन पॉल, मिस्र से प्रो. मोताज बेल्लाह हसनैन, सऊदी अरब से प्रो. सईद अल-अश्कर और डॉ. मोहम्मद अहसान, इराक से डॉ. हुसैन अल-गजल और डॉ. अली अजीज अनीद तथा सऊदी अरब से डॉ. शिबिली नुहमानी ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भाग लिया।
शैक्षणिक सत्रों में गति विश्लेषण, चाल विश्लेषण, खेल जैव यांत्रिकी, व्यायाम शरीर क्रिया विज्ञान, पुनर्वास और निवारक स्वास्थ्य देखभाल पर विशेषज्ञ व्याख्यान, शोध प्रस्तुतियां और संवाद आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय शोध साझेदारी, प्रमाण-आधारित खेल अभ्यासों तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन और मानव स्वास्थ्य में उभरती तकनीकों के उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
सम्मेलन से पहले बुनियादी हृदय एवं फेफड़ा जीवन रक्षक प्रशिक्षण (बीसीएलएस) पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसका संचालन प्रो. उबैद सिद्दीकी और डॉ. शहना अली ने किया। कार्यशाला में प्रतिभागियों को हृदय एवं फेफड़ों को पुनः सक्रिय करने की प्रक्रिया और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
समापन सत्र में अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ संवाद आयोजित किया गया। इंटरनेशनल फिस्कल एसोसिएशन (आईएफए), रूस के उपाध्यक्ष प्रो. विक्टर माचेखिन मुख्य अतिथि तथा दुबई, संयुक्त अरब अमीरात के फराज आबिद विशिष्ट अतिथि रहे। चर्चा में अनुसंधान के उभरते रुझानों और अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया।
सम्मेलन का आयोजन सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष प्रो. इकराम हुसैन के नेतृत्व में किया गया। एनाॅटमी विभाग के प्रो. फजलुर्रहमान संयोजक रहे। आर्थोपैडिक विभाग के प्रो. अब्दुल कय्यूम खान ने संयुक्त आयोजन सचिव और डॉ. मोहम्मद अरशद बारी ने आयोजन सचिव की जिम्मेदारी निभाई तथा सम्मेलन की गतिविधियों का समन्वय किया।
डॉ. बारी ने कुलपति, अतिथियों, अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों, प्रतिनिधियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और आयोजन समिति के सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
