नरेंद्र मोदी के 36 अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मान: वैश्विक कूटनीति, भारत की प्रतिष्ठा और विश्व मैत्री का दस्तावेज़ – प्रो. जसीम मोहम्मद

भारत की सभ्यता और संस्कृति सदैव विश्व को परिवार के रूप में देखने की दृष्टि प्रदान करती रही है। ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का यही शाश्वत विचार भारत की विदेश नीति, अंतरराष्ट्रीय संवाद और वैश्विक संबंधों की आधारभूमि रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को वर्ष 2016 से 2026 के बीच विभिन्न देशों द्वारा प्रदान किए गए 36 नागरिक सम्मान और विदेशी अलंकरण इसी अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव की एक उल्लेखनीय कड़ी हैं।

किसी देश द्वारा दूसरे देश के राष्ट्राध्यक्ष अथवा शासनाध्यक्ष को अपना प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच संबंधों, सहयोग और पारस्परिक विश्वास का भी प्रतीक होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्राप्त ये सम्मान भारत की कूटनीतिक सक्रियता, अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और वैश्विक मंचों पर देश की भूमिका को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

विश्व के विभिन्न देशों से मिले सम्मान: सऊदी अरब से उज्बेकिस्तान तक, इन 36 अंतरराष्ट्रीय सम्मानों में सऊदी अरब का ‘ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअज़ीज़’, अफगानिस्तान का ‘स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान’, फिलिस्तीन का ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन’, संयुक्त अरब अमीरात का ‘ऑर्डर ऑफ जायद’, रूस का ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’, मालदीव का ‘निशान इज़्ज़ुद्दीन’ और बहरीन का ‘किंग हमद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां’ शामिल हैं। अमेरिका ने उन्हें ‘लीजन ऑफ मेरिट’ तथा भूटान ने ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो’ से सम्मानित किया।

इसी क्रम में पलाऊ का ‘एबाक्ल अवॉर्ड’, फिजी का ‘कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’, पापुआ न्यू गिनी का ‘ग्रैंड कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू’ और मिस्र का ‘ऑर्डर ऑफ द नाइल’ उल्लेखनीय हैं। फ्रांस ने ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ और ग्रीस ने ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑनर’ प्रदान किया। डोमिनिका, नाइजीरिया, गुयाना, बारबाडोस और कुवैत ने भी अपने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से प्रधानमंत्री को अलंकृत किया।

मॉरीशस का ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन’, श्रीलंका का ‘मित्र विभूषण’, साइप्रस का ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय’, घाना का ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ तथा त्रिनिदाद और टोबैगो का ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक’ भी इस सूची का हिस्सा हैं। ब्राजील, नामीबिया, इथियोपिया और ओमान ने भी अपने विशिष्ट राष्ट्रीय अलंकरण प्रदान किए हैं। इसके अतिरिक्त इजरायल का ‘मेडल ऑफ द नेसेट’, स्वीडन का ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’, नॉर्वे का ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’, स्लोवाकिया का ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस’, इंडोनेशिया का ‘बिंतांग आदिपुर्ना’ और उज्बेकिस्तान का ‘ओलिय दराजाली दोस्तलिक’ भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों के विस्तार को रेखांकित करते हैं। इन सम्मानों का महत्व केवल उनकी संख्या अथवा प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं है।

प्रत्येक सम्मान के पीछे संबंधित देश के साथ भारत के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और कूटनीतिक संबंधों की एक अलग कहानी है। ये सम्मान इस बात का भी अवसर देते हैं कि भारत की वैश्विक भूमिका, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और विभिन्न देशों के साथ विकसित होते संबंधों का अध्ययन किया जाए।

इसी उद्देश्य से सेंटर फॉर नमो स्टडीज, भारत द्वारा प्रकाशित मेरी पुस्तक ‘नरेंद्र मोदी : विश्व के नागरिक सम्मान — राष्ट्रीय सम्मान और विदेशी अलंकरण (2016–26)’ तैयार की गई है। इसमें इन सम्मानों को एक स्थान पर संकलित करने का प्रयास किया गया है, ताकि शोधार्थियों, विद्यार्थियों, इतिहास के अध्येताओं और सामान्य पाठकों को इस विषय पर एक संदर्भ सामग्री उपलब्ध हो सके।

मेरा विश्वास है कि यह प्रकाशन विशेष रूप से नई पीढ़ी, विद्यार्थियों और जेन-ज़ी के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। युवा पीढ़ी को यह समझने का अवसर मिलेगा कि अंतरराष्ट्रीय संबंध केवल कूटनीतिक बैठकों तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विश्वास, संवाद, सहयोग और साझा मानवीय मूल्यों से निर्मित होते हैं।

यह पुस्तक किसी एक व्यक्ति के सम्मान का विवरण भर नहीं, बल्कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति और विश्व समुदाय के साथ उसके संबंधों का एक दस्तावेजी प्रयास है। इन सम्मानों को भारतीय लोकतंत्र, राष्ट्र की सामूहिक पहचान और अंतरराष्ट्रीय मित्रता के व्यापक संदर्भ में देखा जाना चाहिए।3 updates available

 

( लेखक सेन्टर फॉर नमो स्ट्डीज के प्रबंध ट्रस्टी एवं पुस्तक के संपादन भी किया है. Email:  profjasimmd@gmail.com)

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.