एएमयू की शिक्षिका को नेपाल में ग्लोबल ऑथर अवार्ड

 

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के वीमेंस कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नाजिश बेगम को नेपाल के काठमांडू स्थित होटल दुसित प्रिंसेस में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय समारोह में ‘महिला साहित्य’ श्रेणी में ग्लोबल ऑथर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इनफिनिटी सर्विसेज द्वारा आयोजित इस पुरस्कार समारोह में हिंदी साहित्य, महिला लेखन और अकादमिक शोध के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार नेपाली फिल्म निर्माता प्रकाश शायली, नेपाल की पूर्व सांसद एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रो. चंदा कार्की तथा इनफिनिटी सर्विसेज की संस्थापक और कार्यक्रम समन्वयक शीतल खड़का ने प्रदान किया।
समारोह में नेपाली इतिहासकार प्रो. सुरेंद्र के.सी., निर्णायक मंडल की सदस्य श्वेताली ठकरे और संध्या राजेश्वरी शाह के अलावा कई देशों के लेखक, साहित्यकार और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
डॉ. बेगम के साहित्यिक और अकादमिक कार्यों में उनकी पुस्तक ‘फातिमा शेख और मुस्लिम महिला चेतना: शिक्षा से सामाजिक परिवर्तन तक’ का विशेष महत्व है। इस पुस्तक में अग्रणी महिला शिक्षाविद् फातिमा शेख तथा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विरासत से जुड़ी अन्य प्रमुख महिलाओं के शैक्षिक और सामाजिक योगदान को रेखांकित किया गया है। इनमें वहीद जहां बेगम (आला बी), मुमताज जहां हैदर, डॉ. रशीद जहां, एएमयू की पहली महिला कुलपति प्रो. नईमा खातून और जामिया मिल्लिया इस्लामिया की पहली महिला कुलपति पद्मश्री प्रो. नजमा अख्तर शामिल हैं।
पुस्तक में अन्य प्रमुख मुस्लिम महिलाओं के योगदान का भी उल्लेख है। इनमें भारत की पहली मुस्लिम महिला मुख्यमंत्री सैयदा अनवरा तैमूर, पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई, नासा की वैज्ञानिक डॉ. हशीमा हसन, इसरो के चंद्रयान मिशन से जुड़ी खुशबू मिर्जा और शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार प्राप्त डॉ. बुशरा अतीक शामिल हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.