जेएनएमसीएच नर्सिंग अधिकारियों द्वारा सीपीआर और अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
आशिक अली ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेज फेडरेशन के उपाध्यक्ष निर्वाचित

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जेएनएमसी) की नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन (एनओए) ने अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर ट्रॉमा सेंटर के सामने सीपीआर और अग्नि सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जीवन रक्षक तकनीकों और जरूरी सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान यूनियन के महासचिव रिंकू चौधरी ने सीपीआर और हृदय आपात स्थितियों के प्रति जन-जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस तरह का प्रशिक्षण आपात स्थितियों से निपटने में बहुत उपयोगी होता है। कार्यक्रम में डमी के माध्यम से लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया गया, जिसमें आम लोगों ने भी भाग लेकर प्रत्यक्ष रूप से सीपीआर तकनीक सीखी।
एनओए की उपाध्यक्ष एवं बर्न यूनिट प्रभारी निसार जहां ने अग्नि सुरक्षा पर विशेष जानकारी दी, खासतौर से रसोईघर और अन्य जोखिम वाले स्थानों में बरती जाने वाली सावधानियों पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें
कार्यक्रम में सिजादुद्दीन और सीएमओ इंचार्ज डा मैराज अहमद भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सराहनीय आयोजन के लिए नर्सों और स्टाफ की सराहना की। इस अवसर पर यूनियन के सदस्य कामिल, संपत, अजबर, साजिद, अकबर, राकेश, तौसीफ, दीपक, रिजिल, जाफर आलम और सक़ीर ने नर्सों के योगदान के सम्मान में केक काटा।
इस बीच एक अहम उपलब्धि के तहत, जेएनएमसीएच के नर्सिंग ऑफिसर आशिक अली को हाल ही में नई दिल्ली स्थित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में आयोजित ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेज फेडरेशन (एआईजीएनएफ) के राष्ट्रीय सम्मेलन में फेडरेशन का उपाध्यक्ष चुना गया है।

इस सम्मेलन में जेएनएमसीएच की नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने अध्यक्ष सिजादुद्दीन और महासचिव रिंकू चौधरी के नेतृत्व में भाग लिया। इस दौरान आशिक अली के साथ-साथ कामिल कुरैशी, रिंकू चौधरी और तौसीफ को फेडरेशन की कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में चुना गया।
गौरतलब है कि एआईजीएनएफ देशभर के लगभग 20 लाख सरकारी नर्सिंग कर्मियों का प्रतिनिधित्व करता है और उनके अधिकारों, कल्याण और व्यावसायिक विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाता है।
