एएमयू के सर रॉस मसूद हॉल में वैश्विक अवसरों पर करियर उन्मुख कार्यक्रम आयोजित

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सर रॉस मसूद हॉल में छात्रों को उच्च शिक्षा और वैश्विक करियर अवसरों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से एक करियर उन्मुख कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रोवोस्ट प्रो. मोहम्मद आसिफ के स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें उन्होंने वक्ताओं इंजीनियर मुदस्सिर हसन खान और इंजीनियर अब्दुल समद का परिचय कराया। दोनों वक्ता सऊदी अरब के किंग फहद यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड मिनरल्स (केएफयूपीएम) में ग्रेजुएट एंबेसडर हैं। उन्होंने बताया कि इंजीनियर मुदस्सिर हसन, जो इस हॉल के पूर्व रेजीडेंट् रहे हैं, अपने शैक्षणिक और पेशेवर सफर के माध्यम से छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
इंजीनियर मुदस्सिर हसन खान ने केएफयूपीएम में अपने शैक्षणिक अनुभव साझा करते हुए प्रवेश प्रक्रिया, शोध के अवसरों और वहां के अकादमिक वातावरण की विस्तृत जानकारी दी तथा छात्रों को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।
इंजीनियर अब्दुल समद ने स्नातकों के लिए उभरते करियर अवसरों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को विविध शैक्षणिक और पेशेवर विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वार्डन डॉ. मोहम्मद नफीस की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक रोचक संवाद सत्र भी आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का समन्वय मोहम्मद अनस, करियर काउंसलिंग सचिव, ने किया, जिसमें एमडी महबूब आलम, गुलफाम खान और सुहैल सिद्दीकी ने सहयोग किया। अंत में डॉ. अब्दुल फहीम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
