अंतर छात्रावास और अंतर विद्यालयी तैराकी चैंपियनशिप में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के तैराकी क्लब खेल समिति की ओर से शनिवार को विश्वविद्यालय के तरणताल में अंतर छात्रावास और अंतर विद्यालयी तैराकी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न छात्रावासों और विद्यालयों के 100 से अधिक तैराकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपने तैराकी कौशल, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप के माध्यम से युवा तैराकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। साथ ही विद्यार्थियों में खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
एएमयू के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अतहर अंसारी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, सामूहिक कार्यक्षमता और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और उनके विकास के लिए अपना सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता भी जताई।
एएमयू जिमखाना क्लब के अध्यक्ष प्रो. इफ्फत असगर और व्यायामशाला के अध्यक्ष प्रो. इफ्तेखार अहमद अंसारी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
तैराकी क्लब के अध्यक्ष प्रो. फजलुर्रहमान ने अतिथियों, प्रतिभागियों और अधिकारियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एएमयू टेबल टेनिस क्लब के प्रशिक्षक श्री नवेद खान ने किया।
चैंपियनशिप के आयोजन में तैराकी क्लब की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसमें प्रशिक्षक सुहैल फारूकी, कप्तान मोहम्मद मुजीब तनवीर, एलएसजी मोहम्मद शोएब, एलएसजी जुनैद अहमद सिद्दीकी, अधिकारी एवं वरिष्ठ क्लब सदस्य जुनैद अस्करी तथा महिला प्रशिक्षक-सह-एलएसजी श्रीन खान शामिल रहे। आबिद जकी, अब्दुल हन्नान, बिलाल काजमी और अबुजर खान ने प्रतियोगिताओं के संचालन में सहयोग किया।
आयोजकों ने तैराकी सहायक कर्मचारियों मोहम्मद शान, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद साजिद और मोहम्मद असलम के योगदान की भी सराहना की, जिनके प्रयासों से प्रतियोगिता सुचारु रूप से संपन्न हुई।
प्रतियोगिता के परिणामों में समग्र चैंपियनशिप में एएमयू एबीके हाई स्कूल को विजेता और उपविजेता, दोनों श्रेणियों में दर्ज किया गया। महिला वर्ग में आईजी हॉल की नसीम जहरा विजेता और अमरीन मशकूर उपविजेता रहीं। जूनियर बालिका वर्ग में गर्ल्स हाई स्कूल की मिरहा खान ने पहला और एबीके गर्ल्स की जैनब नदीन ने दूसरा स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग में एएमयू एबीके बॉयज के आहिल नवेद उस्मानी विजेता और अफ्फान नवेद उस्मानी उपविजेता रहे। जूनियर बालक वर्ग में भी आहिल नवेद उस्मानी ने पहला और अफ्फान नवेद उस्मानी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। सब-जूनियर बालक वर्ग में एबीके बॉयज के अफ्फान नावेद उस्मानी विजेता और एबीके बॉयज के ही मोहम्मद रय्यान राज उपविजेता रहे।
