एएमयू शोधार्थी को ऑस्ट्रिया की प्रतिष्ठित अन्स्र्ट माख ग्रांट से सम्मानित किया गया

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के विदेशी भाषाओं विभाग के पीएचडी शोधार्थी जांनिसार अख्तर को ऑस्ट्रिया की शिक्षा और अंतरराष्ट्रीयकरण एजेंसी ओमएडी द्वारा प्रतिष्ठित अन्स्र्ट माख ग्रांट से सम्मानित किया गया है।
इस ग्रांट के तहत जांनिसार वर्ष 2026 में अप्रैल से मई तक दो माह के लिए वियना विश्वविद्यालय, ऑस्ट्रिया में हिस्पैनिक अध्ययन के क्षेत्र में शोध कार्य करेंगे। यह कार्य वहां के प्रोफेसर मैथियास हाउसमैन के निर्देशन में सम्पन्न होगा।
इस ग्रांट के अंतर्गत उन्हें प्रतिमाह 1,300 यूरो की छात्रवृत्ति तथा यात्रा व्यय हेतु अतिरिक्त 1,200 यूरो प्रदान किए जाएंगे।
जांनिसार की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके शोध निर्देशक डॉ. मयूरेश कुमार और अंतरराष्ट्रीय अध्ययन संकाय के अधिष्ठाता प्रो. मोहम्मद अज़हर ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
