एएमयू के दूरस्थ शिक्षा केंद्र में दूरस्थ एवं ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू, दो नए ऑनलाइन कोर्स शामिल

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 (जुलाई बैच) के लिए ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) तथा ऑनलाइन लर्निंग (ओएल) माध्यम से संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है।
केंद्र को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, दूरस्थ शिक्षा ब्यूरो (यूजीसी-डीईबी) से वर्तमान सत्र से ऑनलाइन माध्यम में दो नए पाठ्यक्रम संचालित करने की स्वीकृति भी मिली है। इनमें एम.ए. (लोक प्रशासन) तथा बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (बीएलआईएस) शामिल हैं।
ओडीएल माध्यम के अंतर्गत कला एवं वाणिज्य वर्ग के सीनियर सेकेंडरी (10़2) पाठ्यक्रमों के अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट, पर्सोनल मैनेजमेंट, मार्केटिंग मैनेजमेंट, जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, ह्यूमन राइट्स एंड ड्यूटीज, गाइडेंस एंड काउंसलिंग, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, कम्युनिकेटिव स्किल्स इन इंग्लिश तथा विदेशी भाषाओं में डिप्लोमा पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क टेक्नोलॉजी, जीएसटी, एडवांस्ड डिजिटल मार्केटिंग तथा कम्युनिकेटिव स्किल्स इन इंग्लिश में प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
ऑनलाइन माध्यम के अंतर्गत एमबीए (मार्केटिंग), एम.कॉम., एमएलआईएस, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू तथा नव स्वीकृत एम.ए. (लोक प्रशासन) में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। वहीं स्नातक स्तर पर बी.कॉम., बी.ए. (अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू) के साथ नव प्रारंभ बीएलआईएस पाठ्यक्रम भी संचालित किया जाएगा।
सीडीओई के निदेशक प्रो. इकराम खान ने कहा कि केंद्र प्रौद्योगिकी आधारित लचीली शिक्षा व्यवस्था के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को अधिकाधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दो नए ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की शुरुआत से विद्यार्थियों, कामकाजी पेशेवरों, गृहिणियों तथा आजीवन सीखने के इच्छुक लोगों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम संरचना, शुल्क तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी सीडीओई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्रवेश संबंधी सहायता के लिए अभ्यर्थी कार्यालय समय में सीडीओई कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.