राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुसलमानों का विरोधी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी का पक्षधर है – प्रो. जसीम मोहम्मद

संवाद, सद्भाव और साझा भारतीयता के माध्यम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और मुस्लिम समाज के अंतिम व्यक्ति के बीच नई पहल की आवश्यकता


भारत की राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता की चर्चा करते समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के दृष्टिकोण को समझना अत्यंत आवश्यक है। भारतीय मुसलमानों के बीच संघ को लेकर अनेक धारणाएँ और आशंकाएँ रही हैं, लेकिन समय-समय पर संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत द्वारा दिए गए वक्तव्यों पर गंभीरता से विचार किया जाए तो संवाद, सहअस्तित्व और साझा राष्ट्रीय पहचान का एक महत्वपूर्ण पक्ष सामने आता है। आवश्यकता इस बात की है कि संघ को केवल राजनीतिक धारणाओं या पूर्वाग्रहों के आधार पर नहीं, बल्कि उसके विचारों, सामाजिक गतिविधियों और सार्वजनिक वक्तव्यों के आधार पर समझा जाए।

सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का स्पष्ट संदेश : भारत सबका है, मुसलमान भी भारतीय समाज के अभिन्न अंग हैं, सितंबर 2018 में दिल्ली में आयोजित व्याख्यानमाला में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने एक महत्वपूर्ण बात कही थी, “हिन्दू राष्ट्र का अर्थ यह नहीं है कि इसमें मुसलमानों के लिए जगह नहीं है। जिस दिन यह कहा जाएगा कि यहां मुसलमान नहीं चाहिए, उस दिन वह हिन्दुत्व नहीं रहेगा।” यह वक्तव्य भारतीय मुसलमानों के प्रति संघ के दृष्टिकोण को समझने के लिए विशेष महत्व रखता है।

जनवरी 2023 में भी उन्होंने कहा कि भारत में मुसलमानों को डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। वे अपनी धार्मिक आस्था के साथ रह सकते हैं। इसी प्रकार अगस्त 2025 में उन्होंने यह संदेश दिया कि मुसलमानों को इस आशंका से मुक्त होना चाहिए कि दूसरों के साथ मिलकर चलने से उनका इस्लाम समाप्त हो जाएगा। नवंबर 2025 में उन्होंने यह भी कहा कि सभी मुसलमानों को एक ही दृष्टि से देखना उचित नहीं है और समाज में सकारात्मक सोच रखने वाले लोगों के साथ संपर्क बनाए रखना चाहिए।

इन वक्तव्यों का महत्व इसलिए है कि वे मुस्लिम समाज को सामूहिक रूप से संदेह के घेरे में रखने के बजाय व्यक्तियों और उनके विचारों के आधार पर समझने की बात करते हैं। संघ और मुस्लिम बुद्धिजीवियों के बीच संवाद की पहल भी इसी दिशा में एक सकारात्मक कदम रही है। सितंबर 2022 में डॉ. भागवत ने मुस्लिम बुद्धिजीवियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी, जिसमें पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. एस.वाई. कुरैशी और अन्य प्रतिष्ठित व्यक्ति शामिल थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सबका साथ और संघ का सामाजिक समरसता का संदेश; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ भारतीय लोकतंत्र की समावेशी भावना को अभिव्यक्त करता है। दिसंबर 2020 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि देश में विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म के कारण किसी के अवसर सीमित नहीं होने चाहिए। यह दृष्टिकोण भारतीय मुसलमानों सहित प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की विकास यात्रा का सहभागी बनाने का संदेश देता है।

संघ के संदर्भ में भी यह समझना आवश्यक है कि राष्ट्र निर्माण किसी एक समुदाय की जिम्मेदारी नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, आपदा राहत और राष्ट्रीय एकता जैसे क्षेत्रों में सभी भारतीयों की भागीदारी आवश्यक है। मुसलमानों को भी संघ की सामाजिक गतिविधियों को निकट से देखना चाहिए, स्वयंसेवकों से संवाद करना चाहिए और जहां साझा उद्देश्य हों, वहां मिलकर काम करना चाहिए।

नवंबर 2025 में बेंगलुरु में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि विभिन्न धार्मिक पृष्ठभूमियों के लोग संघ के कार्यों में भाग ले सकते हैं और शाखा में आने वाले व्यक्ति को भारत माता के पुत्र के रूप में अपनी राष्ट्रीय पहचान के साथ आना चाहिए। यह वक्तव्य संवाद और सहभागिता की संभावनाओं को समझने का अवसर देता है।

मुसलमान आगे आएं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संवाद करें और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें , मेरा मानना है कि भारतीय मुसलमानों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रति अपनी सोच में संवाद और अध्ययन के लिए स्थान बनाना चाहिए। किसी संगठन से असहमति हो सकती है, उसके विचारों पर प्रश्न भी उठाए जा सकते हैं, लेकिन बिना संवाद किए किसी संस्था को स्थायी रूप से विरोधी मान लेना उचित नहीं है। इसी प्रकार संघ के लिए भी मुस्लिम समाज के विश्वास, धार्मिक संवेदनाओं और संवैधानिक अधिकारों के प्रति सम्मान तथा संवेदनशीलता बनाए रखना आवश्यक है।

भारत की शक्ति उसकी विविधता में है। मुसलमानों की देशभक्ति, भारतीय संस्कृति में उनका योगदान, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी किसी प्रमाण की मोहताज नहीं है। ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, अशफाक उल्ला खां और परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद जैसे महान व्यक्तित्व हमारी साझा राष्ट्रीय विरासत के प्रतीक हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और मुस्लिम समाज के बीच अब तक जो संवाद एवं संपर्क स्थापित हुआ है, वह मुख्यतः बुद्धिजीवी वर्ग, शिक्षाविदों, अपने पोषित संगठनों और कुछ चुनिंदा व्यक्तित्वों तक सीमित रहा है। जबकि संघ को लेकर व्याप्त धारणाएँ, भ्रांतियाँ, अविश्वास, दूरी और अलगाव की भावना का वास्तविक प्रभाव गाँवों, कस्बों, ब्लॉक स्तर, छोटे शहरों और मुस्लिम बहुल मोहल्लों एवं बस्तियों में अधिक देखने को मिलता है। यह एक ऐसी चुनौती है, जिसका समाधान केवल बौद्धिक विमर्श और चुनिंदा लोगों के साथ संवाद से संभव नहीं है। इसलिए समय की आवश्यकता है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने संवाद और संपर्क के दायरे को व्यापक बनाते हुए बुद्धिजीवियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों तक सीमित रहने के बजाय आम मुस्लिम समाज के बीच गाँव, मोहल्ला, ब्लॉक और कस्बा स्तर पर प्रत्यक्ष संवाद, पारस्परिक मेल-मिलाप और सामाजिक सहभागिता की ठोस पहल करे। जब तक यह संवाद समाज के अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुँचेगा, तब तक आपसी अविश्वास और दूरी को वास्तविक रूप से समाप्त करना कठिन होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा अपने पोषित या वित्त पोषित संस्थानों से बाहर निकलकर देश के सभी स्वयं सेवी संस्थानों से जुड़ना होगा।

मैं भारतीय मुस्लिम से अपील करता हूं कि वे संघ को समझने के लिए आगे आएं, उसके स्वयंसेवकों से मिलें और सामाजिक सेवा के साझा कार्यक्रमों में भाग लें। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को भी चाहिए कि वह मुस्लिम समाज के साथ अपने संवाद को और व्यापक बनाए।

भारत न हिन्दुओं के बिना पूर्ण है और न मुसलमानों के बिना। हमारा भविष्य टकराव में नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और साझी जिम्मेदारी में निहित है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय मुस्लिम समाज के बीच नई समझ विकसित होना केवल दो पक्षों के संबंधों का विषय नहीं, बल्कि विकसित, समरस और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की राष्ट्रीय आवश्यकता है।

(लेखक, प्रो. जसीम मोहम्मद -लेखक एवं शिक्षाविद्, इंस्टीट्यूट फॉर इस्लामिक एंड क्रॉस कल्चरल स्टडीज़ के प्रधान सलाहकार हैं। ईमेल profjasimmd@gmail.com पर सम्पर्क किया जा सकता है)

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.