एएमयू के पौढ़ शिक्षा केन्द्र में डिजिटल समाचार सहभागिता पर फोकस ग्रुप चर्चा आयोजित

अलीगढ़,  मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ सोशल साइंसेज के डीन कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल तथा सेंटर फॉर एडल्ट एंड कंटीन्यूइंग एजुकेशन एंड एक्सटेंशन में डिजिटल समाचार मंचों के प्रति युवाओं की सहभागिता विषय पर एक फोकस ग्रुप डिस्कशन (एफजीडी) आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम लोकनीति-सीएसडीएस द्वारा बीबीसी के सहयोग से संचालित एक राष्ट्रव्यापी शोध पहल के अंतर्गत आयोजित हुआ।
इस अध्ययन का उद्देश्य यह समझना है कि विशेष रूप से विश्वविद्यालयों के छात्र यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे डिजिटल मंचों पर समाचार और सामाजिक विषयों से संबंधित सामग्री को किस प्रकार देखते और उससे जुड़ते हैं।
चर्चा में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन लोकनीति-सीएसडीएस और बीबीसी शोध दल से जुड़े शोधकर्ताओं ने किया।
इस अवसर पर प्रो. संजय कुमार, प्रो. मिर्जा असमर बेग, डॉ. मोसैब अहमद तथा सेंटर फॉर कंटीन्यूइंग एंड एडल्ट एजुकेशन एंड एक्सटेंशन के निदेशक डॉ. शमीम अख्तर सहित शोध दल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों ने डिजिटल समाचार उपभोग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, जिनमें कंटेंट क्रिएटर आधारित सामग्री, यूट्यूब शॉर्ट्स, इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स, मीम पेज तथा सोशल मीडिया आधारित समसामयिक विषयों की सामग्री शामिल रही। चर्चा में बीबीसी की डिजिटल समाचार सामग्री पर छात्रों की प्रतिक्रियाओं तथा आधुनिक मीडिया मंचों से उनकी अपेक्षाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का समापन युवाओं के बीच समाचार उपभोग की आदतों को प्रभावित करने में डिजिटल मंचों की बढ़ती भूमिका पर विचारों के आदान-प्रदान के साथ हुआ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.