एएमयू में ‘वन महोत्सव’ पौधारोपण अभियान का शुभारंभ

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता और देश के सबसे हरित आवासीय परिसरों में अपनी पहचान को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के अंतर्गत मेडिकल कॉलोनी स्थित ए-टाइप आवासों के निकट ‘वन महोत्सव’ पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. नइमा खातून ने किया। इस अवसर पर सहकुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान, कुलसचिव प्रो. आसिम जफर तथा मुख्य अतिथि के रूप में अलीगढ़ के प्रभागीय वन अधिकारी शिवम कुमार भी उपस्थित रहे।
भूमि एवं उद्यान विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य विश्वविद्यालय के हरित वातावरण को और समृद्ध बनाना तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आवासीय परिसर के रेजीडेंट्स में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। एएमयू का विशाल आवासीय परिसर अपने घने वृक्षों, हरित मार्गों और पर्यावरण अनुकूल पहलों के लिए लंबे समय से जाना जाता है।
कुलपति प्रो. नइमा खातून ने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एएमयू ने हमेशा अपनी हरित विरासत को संजोकर रखा है और ऐसे अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं समाज को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाता रहेगा।
सहकुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान ने कहा कि हरित परिसर केवल जैव विविधता को ही नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और बेहतर जीवन को भी बढ़ावादेता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी का परिचायक है।
कुलसचिव प्रो. आसिम जफर ने कहा कि यह पहल स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के प्रति जागरूक आवासीय परिसर के निर्माण की विश्वविद्यालय की सोच को औरमजबूत करती है। उन्होंने कहा कि एएमयू परिवार के प्रत्येक सदस्य का दायित्व है कि वह इस अमूल्य प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण में अपनी भूमिका निभाए।
प्रभागीय वन अधिकारी शिवम कुमार ने विश्वविद्यालय के पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एएमयू ने जनभागीदारी के साथ पर्यावरण जागरूकता को जोड़कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पौधारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ समाज को भी प्रेरित करते हैं।
भूमि एवं उद्यान विभाग के प्रभारी प्रो. अनवर शहजाद ने बताया कि इस अवसर पर 43 गणमान्य अतिथियों ने महुआ, कैथा, नीम, आम, अमरूद, बेल, जामुन, शहतूत, अमलतास, गूलर, अर्जुन, इमली तथा अंजीर सहित अनेक देशी, औषधीय और फलदार पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य विश्वविद्यालय के हरित आवरण को और समृद्ध करना, जैव विविधता को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण और सतत परिसर विकास के प्रति एएमयू की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षकों और अन्य पदाधिकारियों ने भी पौधारोपण कर एएमयू को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण के प्रति सजग आवासीय परिसर बनाए रखने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराया।
