जेएन मेडिकल कालिज में वर्ल्ड प्लास्टिक सर्जरी डे पर सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम का समापन

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्लास्टिक सर्जरी विभाग द्वारा वर्ल्ड प्लास्टिक सर्जरी डे के उपलक्ष में ‘जीवन को संवारना, उम्मीद जगाये रखना‘ विषय के तहत सप्ताहभर चलने वाले शैक्षणिक और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आज समापन हो गया।

मुख्य अतिथि, अमृता अस्पताल, फरीदाबाद में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख और भारत में हाथ प्रत्यारोपण के क्षेत्र में अग्रणी माने जाने वाले प्रो. मोहित शर्मा ने मुख्य व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए पुनर्निर्माण सर्जरी से जुड़ी तकनीकी और भावनात्मक चुनौतियों पर चर्चा की और देश में प्रथम चेहरे के प्रत्यारोपण की योजना की जानकारी दी, जिससे छात्रों और शिक्षकों को गहरी प्रेरणा मिली। प्रोफेसर मोहित शर्मा ने भारत में हाथ प्रत्यारोपण की यात्रा, उसकी जाटिलताओं और मानवीय पक्षों की प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

एएमयू के कुलसचिव मोहम्मद इमरान (आईपीएस) ने युवा सर्जनों को उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया और प्लास्टिक सर्जरी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई। चिकित्सा संकाय के डीन प्रो. हबीब रजा ने विभाग की ट्रॉमा और पुनर्निर्माण चिकित्सा में भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि ड्रामा केयर रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी और बर्न उपचार जैसे क्षेत्रों में प्लास्टिक सर्जरी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

आयोजन अध्यक्ष, प्रो. इमरान अहमद ने विभाग के संस्थापक प्रो. एम.एच. खान प्रोफेसर एलएम बरियार, प्रो. ए.एच. खान और प्रो. एम. यासीन की सेवाओं का उल्लेख  किया। जबकि सीनियर रेजिडेंट डॉ. कानन कोहली ने विभाग में अपने अनुभव साझा किए।

इससे पूर्व, विभागाध्यक्ष डॉ. एम.एफ. खुर्रम ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विभाग की उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सप्ताह भर की इस श्रृंखला में विशेष ओपीडी, जनजागरूकता अभियान और जलन, ट्रॉमा तथा जन्मजात असामान्यताओं पर शैक्षणिक चर्चाएँ आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों और चिकित्सकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

धन्यवाद ज्ञापन आयोजन सचिव डॉ. एस. सरफराज अली ने दिया। संचालन डा आकांक्षा चौहान और डा फहद उद्दीन अंसारी ने किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.