महाद्वीपों के पार लहरें बिखेरते हुएः कुलपति प्रो. नइमा खातून ने एएमयू की इंग्लिश चैनल चैम्पियन आफरीन जबी को किया सम्मानित

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की बी.पी.एड. की छात्रा और विश्वविद्यालय की पहली ऐसी तैराक आफरीन जबीं, जिसने इंग्लिश चैनल को सफलतापूर्वक पार किया है, आज लंदन से लौटने के बाद एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून से मिलीं।
प्रो. खातून ने अफरीन को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उन्हें ‘एएमयू की खेल प्रतीक’ करार दिया और विश्वास जताया कि वह आगे भी विश्वविद्यालय का नाम रोशन करती रहेंगी।
29 जुलाई 2025 को आफरीन ने डोवर (यूके) से कैप ग्रिस-नेज (फ्रांस) तक 34 किलोमीटर की एकल तैराकी मात्र 13 घंटे 13 मिनट में पूरी की, जिससे वह विश्व के चुनिंदा सहनशक्ति तैराकों की सूची में शामिल हो गईं। इस उपलब्धि ने एएमयू, पश्चिम बंगाल और पूरे देश को गर्व से भर दिया है।
आफरीन ने अपने माता-पिता, एएमयू और देश का इस साहसिक प्रयास में निरंतर समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व ओलंपिक खेलों में करने की आकांक्षा व्यक्त की, विशेषकर ओपन-वॉटर मैराथन स्विमिंग श्रेणी में। आफरीन ने कहा कि वह इस दिशा में वैश्विक मानकों को हासिल करने के लिए कठोर प्रशिक्षण लेंगी और इंग्लिश चैनल की सफलता को अपने ओलंपिक सपने की ओर एक मजबूत कदम बनाएंगी।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. मुजीबुल्लाह जुबेरी, प्रभारी सदस्य (जनसंपर्क) प्रो. विभा शर्मा और जनसंपर्क अधिकारी उमर पीरजादा भी मौजूद थे।
