एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत आरएमपीएस एएमयू सिटी स्कूल में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

राजा महेंद्र प्रताप सिंह (आरएमपीएस) एएमयू सिटी स्कूल, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में देशव्यापी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कियागया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना तथा विद्यार्थियों को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में अलीगढ़ के जिला वन अधिकारी शिवम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जनसंपर्क कार्यालय की सदस्य प्रभारी प्रो. विभा शर्मा कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि रहीं।
अपने संबोधन में शिवम कुमार ने पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में वृक्षारोपण और वन संरक्षण की महत्ता पर प्रकाशडाला। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और टिकाऊ भविष्य की अमूल्य धरोहर है।
प्रो. विभा शर्मा ने कहा कि आज विश्व जिन पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनका मुख्य कारण मानव गतिविधियां हैं। उन्होंने कहा कि हरित परिसर प्रमाणित संस्थान के रूप में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासकरता रहा है। उन्होंने इस पौधारोपण कार्यक्रम को प्रकृति संरक्षण और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में हमसे कहीं बेहतर कार्य कर सकती है। उनकी जागरूकता, उत्साह और समर्पण हमें अधिक हरित और टिकाऊ भविष्य की आशा देता है।
इससे पूर्व कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद फैयाजुद्दीन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का संचालन सैयद अतीक उर रहीम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मोहम्मद नईम ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने सामूहिक संकल्प को दोहराया।
