जेएन मेडिकल कॉलेज में दुर्लभ जीवनरक्षक हृदय शल्य चिकित्सा

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग के चिकित्सकों की टीम द्वारा जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के एक नवजात शिशु की सफलतापूर्वक एक दुर्लभ और जटिल हृदय सर्जरी की गयी, जिससे उसकी जान बच गई।
शिशु के पिता ताहिर अपने बच्चे की बिगड़ती सेहत से बेहद चिंतित थे। बच्चे को सांस लेने में कठिनाई, वजन न बढ़ना और रोते या दूध पीते समय नीला पड़ने की समस्या थी। जांच में हृदय में छेद, मुख्य रक्त वाहिकाओं में रुकावट और फेफड़ों की धमनी में उच्च दबाव जैसी गंभीर जन्मजात बीमारी पाई गई।
जम्मू-कश्मीर और दिल्ली के कई अस्पतालों में इलाज या तो बहुत महंगा था या लंबी प्रतीक्षा सूची के कारण संभव नहीं था। अंततः परिवार जेएनएमसी पहुंचा, जहां बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शाद अबकरी और डॉ. मुआज किदवई ने कैथ लैब में जांच के बाद सर्जरी का निर्णय लिया।
कार्डियोथोरेसिक सर्जरी टीम के प्रो. मोहम्मद आजम हसीन, डॉ. सैयद शमायल रब्बानी और डॉ. मोहम्मद आमिर ने 25 मिनट तक बच्चे के हृदय और फेफड़ों को रोककर ऑपरेशन किया। इस दौरान हृदय-फेफड़ों की क्रियाएं क्लीनिकल परफ्यूजनिस्ट डॉ. साबिर अली खान और इरशाद कुरैशी ने संभालीं। एनेस्थीसिया डॉ. दीप्टि चन्ना और सुश्री निदा ने दिया।
यह सर्जरी आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क की गई। प्रो. मोहम्मद आजम हसीन ने इसे एएमयू के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि देश के कुछ ही सरकारी अस्पतालों में ऐसी सर्जरी होती है। मुख्य सर्जन डॉ. शमायल ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान उन्नत मस्तिष्क ऑक्सीजन मॉनिटरिंग मशीन (एनआईआरएस) का उपयोग किया गया, जिसे लिंक लॉक ग्रुप ने दान किया है।
मेडिसिन संकाय के डीन एवं जेएन मेडीकल कालिज के प्रिन्सिपल एवं सीएमस प्रो. हबीब रजा ने मरीज की देखभाल में शामिल डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम को बधाई दी। जेएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. एस अमजद अली रिज्वी ने कहा कि पहले इस तरह की सर्जरी केवल एम्स, नई दिल्ली में ही की जाती थी, लेकिन अब जेएन मेडिकल कॉलेजमें भी ऐसी जटिल सर्जरी नियमित रूप से की जा रही हैं।
एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग ने हाल के वर्षों में 3,000 से अधिक हृदय सर्जरी कर कई जिंदगियां बचाई हैं और जेएनएमसी ने चिकित्सा उत्कृष्टता में अग्रणी स्थान हासिल किया है।
