पूर्व यूजीसी अध्यक्ष प्रो. पिल्लई खरीदेंगे प्रो दिव्या तंवर की पुस्तक ‘साइबर सेफ क्लासरूम’ की 500 प्रतियां, देशभर के स्कूलों में होगा वितरण
बच्चों की डिजिटल सुरक्षा के लिए आगे आए पूर्व यूजीसी अध्यक्ष, दिव्या तंवर की पुस्तक को मिला समर्थन

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के पूर्व अध्यक्ष प्रो. वी. एन. राजशेखरन पिल्लई ने प्रो. (डॉ.) दिव्या तंवर की पुस्तक ‘साइबर सेफ क्लासरूम’ की 500 प्रतियां खरीदकर देशभर के स्कूल नेटवर्क के माध्यम से वितरित करने की प्रतिबद्धता जताई है। सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ (सीएनएमएस) ने उनके इस प्रोत्साहन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
‘साइबर सेफ क्लासरूम: भारतीय शिक्षकों, अभिभावकों और उन बच्चों के लिए एक पुस्तक, जो अभी भी बड़ों पर भरोसा करते हैं’ का विमोचन 14 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में किया गया। पुस्तक का प्रकाशन सेंटर फॉर नमो स्टडीज़ ने किया, जबकि पुस्तक चर्चा कार्यक्रम का आयोजन दिव्य फाउंडेशन ने किया।
प्रो. पिल्लई ने सेंटर फॉर नमो स्ट्डीज के अध्यक्ष एवं पुस्तक के प्रकाशक प्रो. जसीम मोहम्मद को भेजे अपने संदेश में संस्था द्वारा लेखिका प्रो दिव्या तंवर की रचनात्मक पहल को दिए गए संस्थागत सहयोग की सराहना की। उन्होंने पुस्तक के प्रकाशन और इसे व्यापक स्तर पर पाठकों तक पहुंचाने के प्रति अपना समर्थन भी व्यक्त किया।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने प्रो. पिल्लई के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सहयोग डिजिटल सुरक्षा को शिक्षा का अभिन्न अंग बनाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को साइबर अपराध, ऑनलाइन उत्पीड़न और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाने के लिए शिक्षकों तथा अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
प्रो. दिव्या तंवर की यह पुस्तक साइबर सुरक्षा को केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार, जागरूकता और मानवीय संवेदनशीलता से जुड़ा आवश्यक जीवन कौशल मानती है। इसमें बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने के साथ-साथ कठिन परिस्थितियों में उन्हें दोष देने के बजाय सहयोग और मार्गदर्शन देने पर जोर दिया गया है।
सेंटर फॉर नमो स्ट्डीज ने उम्मीद जताई कि यह पहल शैक्षणिक संस्थानों, शिक्षकों और अभिभावकों को डिजिटल दुनिया को बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रेरित करेगी।
