एमयू की ग्यारहवीं, डिप्लोमा इंजीनियरिंग एव ंबीएएलएलबी की प्रवेश परीक्षायें देशभर के विभिन्न केंद्रों पर संपन्न

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय द्वारा सीनियर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट (साइंस स्ट्रीम) / डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग, सीनियर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट (ह्यूमैनिटीज/कॉमर्स स्ट्रीम), एस.एस.एस.सी. (ब्रिज कोर्स) तथा बी.ए. एलएल.बी. पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं अलीगढ़ सहित देश के विभिन्न शहरों में आयोजित गईं।

सीनियर सेकेंडरी स्कूल (साइंस स्ट्रीम) / डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग के लिए कुल 26,393 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 22,764 अभ्यर्थी सुबह के सत्र में देशभर के 44केंद्रों – अलीगढ़, इंफाल, कोलकाता, लखनऊ, मेरठ, पटना, रामपुर, किशनगंज, श्रीनगर, मुर्शिदाबाद और कोझिकोड सहित पर परीक्षा में शामिल हुए।

दोपहर के सत्र में सीनियर सेकेंडरी स्कूल (ह्यूमैनिटीज/कॉमर्स स्ट्रीम) के 6,862, एस.एस.एस.सी. (ब्रिज कोर्स) के 200 तथा बी.ए. एलएल.बी. कार्यक्रम के 5,292 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था की गई।

एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून, सहकलुपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान, रजिस्ट्रार प्रो. आसिम जफर, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुजीब उल्लाह जुबैरी तथा प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा के सुचारु संचालन को सुनिश्चित किया।

अपने संदेश में कुलपति ने परीक्षाओं के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की और प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के प्रति एएमयू की प्रतिबद्धता दोहराई।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुजीब उल्लाह जुबैरी ने बताया कि सभी केंद्रों पर पर्यवेक्षकों एवं निगरानी कर्मियों की तैनाती सहित व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सकें।

विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई एवं अन्य स्वयंसेवी संगठनों ने भी प्रमुख स्थानों पर सहायता शिविर आयोजित किए, जहां अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने अनुशासन, सहयोग और सेवा भावना का परिचय देते हुए केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सहायता की और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.