एएमयू में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अलीगढ़,  मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सर शाह सुलेमान हॉल की करियर काउंसलिंग सेल द्वारा द नोबल सपोर्ट फाउंडेशन, अलीगढ़ के सहयोग से मौलाना आजाद लाइब्रेरी के सांस्कृतिक सभागार में “ब्रेकिंग द साइलेंसः माइंड, रेजिलिएंस एंड कम्युनिटी” विषय पर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रोवोस्ट डॉ. फसीह रागिब गौहर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और शैक्षणिक एवं परीक्षा संबंधी तनाव के बीच धैर्य विकसित करने के प्रति जागरूकता फैलाना था।

प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए डॉ. फसीह रागिब गौहर ने शैक्षणिक संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के बढ़ते महत्व पर बल दिया और करियर काउंसलिंग सेल की पहल की सराहना की।

मुख्य अतिथि वाणिज्य विभाग के प्रो. नवाब अली खान ने ऐसे सहयोगी शैक्षणिक वातावरण की आवश्यकता पर बल दिया, जहाँ छात्र स्वयं को प्रेरित और सम्मानित महसूसकरें। विशिष्ट अतिथि शरीर रचना विभाग के प्रो. फजलुर्रहमान तथा मनोरोग विभाग के प्रो. रियाजुद्दीन ने तनाव प्रबंधन, भावनात्मक दृढ़ता और काउंसलिंग सहायता के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

विशेष अतिथि रेडियोथेरेपी विभाग के मोहम्मद अकरम तथा यूनिवर्सिटी पॉलिटेक्निक के डॉ. कलीम अफरोग जैदी ने छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।

एक संवादात्मक पैनल चर्चा का संचालन कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग के प्रो. मोहम्मद आजम हसीन, मनोरोग विभाग की प्रो. देबाश्री अखौरी तथा क्लिनिकल साइकोलॉजी विभाग की डॉ. सारा जावेद ने किया। विशेषज्ञों ने चिंता, अवसाद, भावनात्मक थकान और परीक्षा के दबाव से संबंधित विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम का समन्वयन करियर काउंसलिंग सेल के सचिव कमरुल हुसैन ने किया। इस अवसर पर डॉ. सैयद असद अली, डॉ. शमशाद, डॉ. एहतेशाम, डॉ. इरफान तथा द नोबल सपोर्ट फाउंडेशन, अलीगढ़ के अध्यक्ष मोहम्मद अजीम खान सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

धन्यवाद ज्ञापन मोहम्मद शारिक ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न भी प्रदान किए गए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.