साहित्य समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम : अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल के लिए केरल राज्यपाल का संदेश

अलीगढ़ की साहित्यिक विरासत को राज्यपाल आर. वी. अरलेकर का सम्मान, एएलएफ-2026 को दी शुभकामनाएँ

अलीगढ़/ दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 6 अगस्त 2026। केरल के राज्यपाल श्री राजेन्द्र विश्वनाथ अरलेकर ने अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल (एएलएफ) के दिसंबर 2026 में होने वाले साहित्य कला महोत्सव के सफल आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित करते हुए इसे देश की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं साहित्यिक पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन साहित्य, संवाद और बौद्धिक विमर्श को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला सार्थक मंच है।
पहली अगस्त 2026 को जारी अपने संदेश पत्र में राज्यपाल ने अलीगढ़ की समृद्ध साहित्यिक एवं बौद्धिक परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि यह शहर पीढ़ियों से ज्ञान, साहित्यिक उत्कृष्टता और सांस्कृतिक समन्वय का प्रकाशस्तंभ रहा है। उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली विरासत पर आधारित साहित्य महोत्सव विभिन्न भाषाओं, विचारधाराओं और विषयों के बीच रचनात्मक संवाद को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ आलोचनात्मक चिंतन को भी सशक्त बनाता है।

राज्यपाल श्री अरलेकर ने कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में ऐसे साहित्यिक आयोजन लेखकों, विद्वानों, चिंतकों और युवा रचनाकारों को एक मंच पर लाकर समकालीन सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महोत्सव के दौरान होने वाले संवाद, पाठ और विचार-विमर्श पाठकों को प्रेरित करेंगे तथा भारत की सांस्कृतिक चेतना को और समृद्ध बनाएंगे।
अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल के प्रबंध न्यासी प्रो. जसीम मोहम्मद ने राज्यपाल के प्रेरणादायी संदेश के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह शुभकामना आयोजकों के लिए प्रेरणास्रोत है और साहित्य, शोध, सांस्कृतिक सद्भाव तथा सार्थक जनसंवाद को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के उनके संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.