जेएन मेडिकल कालिज के पैथोलॉजी विभाग ने स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता के लिए प्रतियोगिता आयोजित की

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जेएनएमसी) के पैथोलॉजी विभाग ने स्तन कैंसर जागरूकता माह के अवसर पर ‘पिंक टू पिक्चर – संकेतों को समझें, संदेश को चित्रों में उकेरें’ शीर्षक से एक रचनात्मक प्रतियोगिता आयोजित की। इसका उद्देश्य कला और रचनात्मकता के माध्यम से स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रतियोगिता में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के सभी वर्षों की 15 टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को स्तन कैंसर से संबंधित संकेत दिए गए, जिन्हें उन्होंने रेखाचित्रों, डूडल और पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संदेश दिए। टीमों ने निर्णायक मंडल के सामने अपनी कलाकृतियां प्रस्तुत कीं और उनके पीछे की अवधारणा भी समझाई।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. कफील अख्तर, प्रो. रूबीना खान और प्रो. मोहम्मद जसीम हसन ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों की रचनात्मकता और मौलिकता की सराहना की।
प्रतियोगिता में एमबीबीएस 2025 बैच की जैनब फातिमा और एकलव्य कुमार ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। एमबीबीएस 2023 बैच की सीमब जरीन और जोया नईम दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि एमबीबीएस 2025 बैच की रुचि और केसर ठाकुर ने तीसरा पुरस्कार हासिल किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजन अध्यक्ष एवं पैथोलॉजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. निशात अफरोज ने स्तन कैंसर के शुरुआती चेतावनी संकेतों को पहचानने, नियमित जांच, बचाव के उपायों और समय पर उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शुरुआती अवस्था में बीमारी का पता चलने से उपचार के बेहतर परिणाम और मरीजों के जीवित रहने की संभावना बढ़ती है।
प्रो. वीणा माहेश्वरी ने भी बीमारी की समय रहते पहचान के महत्व पर जोर देते हुए अधिक जागरूकता फैलाने और नियमित जांच कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की संयोजक पैथोलॉजी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. बुशरा सिद्दीकी थीं। उन्होंने इस पहल की परिकल्पना और समन्वय किया। कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक, स्नातकोत्तर रेजिडेंट और वरिष्ठ रेजिडेंट शामिल हुए तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा और कलात्मक अभिव्यक्ति को जोड़ते हुए स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने तथा बचाव आधारित स्वास्थ्य देखभाल की संस्कृति को बढ़ावा देने में रचनात्मक संचार की भूमिका को रेखांकित किया गया।
