इतिहास, विरासत और शोध-संरक्षण की अनूठी पहल: अल दीनदार शम्शी म्यूजियम एवं अनुसंधान केन्द्र दिलदारनगर गाज़ीपुर: पूर्वांचल की सांस्कृतिक पहचान को दे रहा नई दिशा
डॉ. कुंअर मोहम्मद नसीम रज़ा सिकरवार का ऐतिहासिक प्रयास प्रशंसनीय, निजी पहल से क्षेत्रीय विरासत को सहेजने का अनुकरणीय कार्य

गाज़ीपुर जनपद के दिलदारनगर गांव में स्थापित अल दीनदार शम्शी म्यूजियम एंड रिसर्च सेंटर का भ्रमण मेरे लिए एक अत्यंत सुखद, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव रहा। इस संस्थान के संस्थापक एवं चेयरमैन और मेरे स्कूल के सहपाठी डॉ. कुंअर मोहम्मद नसीम रज़ा सिकरवार से मुलाकात के दौरान उनके विचारों, ऐतिहासिक दृष्टिकोण और अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को निकट से समझने का अवसर मिला।
भारत की सांस्कृतिक पहचान उसकी बहुआयामी सभ्यता, ऐतिहासिक परंपराओं, सामाजिक विरासत और विविधतापूर्ण जीवनशैली में निहित है। दुर्भाग्यवश, देश के अनेक ग्रामीण और क्षेत्रीय क्षेत्रों में ऐसी ऐतिहासिक धरोहरें, स्मृतियां तथा सांस्कृतिक दस्तावेज मौजूद हैं, जिन्हें व्यवस्थित रूप से संरक्षित करने की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं हो पाए हैं। ऐसे समय में दिलदारनगर ग्रामीण जैसे क्षेत्र में निजी प्रयासों से एक म्यूजियम एवं रिसर्च सेंटर की स्थापना अपने आप में अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है।
डॉ. कुंअर मोहम्मद नसीम रज़ा सिकरवार ने जिस समर्पण और ऐतिहासिक चेतना के साथ इस संस्थान की परिकल्पना को साकार किया है, वह सराहना के योग्य है। किसी बड़े महानगर में सरकारी संग्रहालय स्थापित करना एक बात है, लेकिन ग्रामीण परिवेश में अपनी निजी पहल, निजी धन, संसाधनों और संकल्प के बल पर इतिहास एवं विरासत के संरक्षण के लिए संस्थान खड़ा करना वास्तव में असाधारण कार्य है।
अल दीनदार शमशी म्यूजियम का महत्व केवल संग्रहालय तक सीमित नहीं है। इसके नाम में जुड़ा रिसर्च सेंटर भविष्य में ऐतिहासिक अनुसंधान, दस्तावेजीकरण, स्थानीय इतिहास के अध्ययन, पारिवारिक एवं सामाजिक विरासत के अभिलेखीकरण तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की व्यापक संभावनाएं प्रस्तुत करता है। यदि इस दिशा में अकादमिक संस्थानों, इतिहासकारों, शोधार्थियों और विश्वविद्यालयों के साथ सहयोग विकसित किया जाए, तो यह केंद्र पूर्वांचल के लिए एक महत्वपूर्ण ज्ञान एवं शोध संस्थान बन सकता है।
आज, सेंटर फॉर नमो स्टडीज के चेयरमैन के रूप में मुझे इस ऐतिहासिक संस्थान में आने और इसके संस्थापक, मेरे मित्र डॉ. कुंअर मोहम्मद नसीम रज़ा सिकरवार से संवाद करने का अवसर मिला। उन्होंने जिस आत्मीयता से मेरा स्वागत किया और अपने कार्यों तथा संस्थान की परिकल्पना से परिचित कराया, उसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
मेरा मानना है कि इतिहास का संरक्षण केवल अतीत को याद करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अपनी पहचान, गौरव और ज्ञान की विरासत सुरक्षित करना है। डॉ. नसीम रज़ा का यह प्रयास इसी भावना का परिचायक है।
मैं, डॉक्टर नसीम रज़ा को इस उल्लेखनीय पहल के लिए हार्दिक बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि अल दीनदार शम्शी म्यूजियम एंड रिसर्च सेंटर दिलदारनगर ग्राम भविष्य में दिलदारनगर, गाज़ीपुर और संपूर्ण पूर्वांचल की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
