आरएमपीएस एएमयू सिटी स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के राजा महेंद्र प्रताप सिंह एएमयू सिटी स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के भविष्य को आकार देने में शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदार नागरिकता के महत्व पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एएमयू के पूर्व कुलपति प्रो. मोहम्मद गुलरेज ने की। उन्होंने प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने में विश्वविद्यालय के योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों से कहा कि जो छात्र एएमयू स्कूलों में प्रवेश पाने में सफलत रहे हैं उन्हें अपना बहुमूल्य समय व्यर्थ न गंवाते हुए कड़ी मेहनत कर अपने भविष्य निर्माण पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए।
मुख्य अतिथि राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने विद्यार्थियों से पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने और ईमानदारी व मेहनत के माध्यम से सफलता हासिल करने की अपील की। उन्होंने कहाकि युवा देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए शॉर्टकट अपनाने से बचने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और निरंतर मेहनत से अपना भविष्य बनाने की सलाह दी।
कला संकाय के डीन एवं विशिष्ट अतिथि प्रो. मोहम्मद रिजवान खान ने कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे चरित्र और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि एएमयू लंबे समय से ज्ञान और संस्कृति का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी शिक्षा का उपयोग समाज की बेहतरी के लिए करने और विश्वविद्यालय की परंपराओं एवं मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।
लखनऊ से पधारे अन्य विशिष्ट अतिथि व्यवसायी एवं उद्यमी मिर्जा नसीम बेग ने करियर विकास और उद्यमिता से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, निरंतर मेहनत करने और असफलता को सफलता की ओर बढ़ने का एक अवसर मानने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व स्वागत भाषण में आरएमपीएस एएमयू सिटी स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद फैयाजुद्दीन ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका उद्देश्य जिम्मेदार और अच्छे इंसान तैयार करना भी होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सही दिशा देने में अभिभावकों और शिक्षकों की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन सैयद अतीक उर रहमी ने किया, जबकि उप प्रधानाचार्य डॉ. शाहिद जलील ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और एएमयू तराना के साथ हुआ।
