जेएन मेडिकल कालिज में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया गया

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रोगी देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों के समर्पित योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम का आयोजन जेएनएमसीएच के नर्सिंग समुदाय द्वारा किया गया, जिसमें मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. नैयर आसिफ, डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. नसरीन नूर तथा असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट हुमा रूही उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में प्रो. नैयर आसिफ ने नर्सों को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनकी निष्ठा, पेशेवर दक्षता और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार की सराहना की। प्रो. नसरीन नूर ने भी नर्सिंग स्टाफ की निस्वार्थ सेवा और सामुदायिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
हुमा रूही ने नर्सों को टीमवर्क और ईमानदारी के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील रोगी देखभाल जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शामिल नर्सों ने नर्सिंग सेवाओं के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर एएमयू नर्सेज एसोसिएशन ने जेएनएमसीएच में आमजन के उपयोग के लिए आरओ-यूवी शुद्धिकरण प्रणाली से युक्त उच्च क्षमता वाला वाटर कूलर समर्पित किया। अस्पताल के पूछताछ काउंटर के निकट स्थापित यह सुविधा हाल ही में दिवंगत हुईं जेएनएमसीएच की नर्सिंग ऑफिसर स्वर्गीय शुमायला शमशाद की स्मृति में स्थापित की गई है।
इस सुविधा का उद्घाटन दिवंगत नर्सिंग अधिकारी के परिजनों द्वारा किया गया। एएमयू नर्सेज एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि यह पहल गर्मी के मौसम में मरीजों और तीमारदारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ अपनी दिवंगत सहकर्मी की सेवाओं को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से की गई है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और रोगी कल्याण के लिए सामूहिक प्रयासों के संदेश के साथ हुआ।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.