विमेंस कॉलेज स्विमिंग पूल में तैराकी गतिविधियों का शुभारंभ

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नईमा खातून ने विमेंस कॉलेज के स्विमिंग पूल में तैराकी गतिविधियों के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर कहा कि यह सुविधा महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रो. नईमा खातून ने कहा कि तैराकी सीखने से आत्मविश्वास बढ़ता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक आकार के इस स्विमिंग पूल को छात्राओं को सुरक्षित वातावरण में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
उन्होंने शेख अब्दुल्ला (पापा मियाँ) के स्वप्न का उल्लेख करते हुए कहा कि वे चाहते थे कि लड़कियाँ भी ब्रिटेन के विद्यार्थियों की तरह तैराकी सीखें। आज इस सुविधा में तैराकी गतिविधियों के शुरू होने के साथ उनका सपना सचमुच साकार हुआ है।
कुलपति ने तैराकी के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे तनाव, चिंता और अवसाद में कमी आती है तथा शारीरिक फिटनेस और एकाग्रता में सुधार होता है। उन्होंने शिक्षकों और छात्राओं से तैराकी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए इस सुविधा को निरंतर संचालित रखने पर बल दिया।
सह कुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान ने अपने संबोधन में कहा कि तैराकी केवल एक महत्वपूर्ण खेल ही नहीं, बल्कि जीवन कौशल भी है, जो शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को मजबूत करता है। उन्होंने छात्राओं के लिए तैराकी गतिविधियों को पुनः प्रारंभ कराने हेतु विश्वविद्यालय प्रशासन और महिला कॉलेज प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
मानद अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की धर्म पत्नी प्रतीक्षा सिंह जादौंन ने इस पहल को छात्राओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि तैराकी जैसे खेल और फिटनेस कार्यक्रम युवा महिलाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विमेंस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मसूद अनवर अलवी ने कुलपति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तैराकी छात्रों में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करती है।
विश्वविद्यालय स्विमिंग क्लब के अध्यक्ष प्रो. फजलुर्रहमान ने इस सुविधा को क्रियाशील बनाने में विश्वविद्यालय भवन विभाग तथा भूमि एवं उद्यान विभाग के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद आसिम जफर, सचिव यूनिवर्सिटी गेम्स कमेटी प्रो. यूसुफ-उज-जमां खान, प्रोवोस्ट अब्दुल्ला हॉल प्रो. शीबा जिलानी, प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान, सदस्य प्रभारी जनसंपर्क कार्यालय प्रो. विभा शर्मा, अध्यक्ष जिमखाना क्लब एवं डिप्टी प्रॉक्टर प्रो. इफ्फत असगर, यूनिवर्सिटी लाइब्रेरियन प्रो. निशात फातिमा, सदस्य प्रभारी भूमि एवं उद्यान प्रो. अनवर शहजाद तथा एएमयू सीनियर सेकेंडरी स्कूल (गर्ल्स) की प्राचार्या नगमा इरफान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान सुमैय्या, जावेरिया और जायना ने तैराकी कौशल का प्रदर्शन भी किया।
कार्यक्रम का संचालन अमीना बेग ने किया, जबकि डॉ. नाजिया खान ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
