एएमयू की अग्रणी भागीदारी के साथ ‘स्वच्छ अलीगढ़, स्वस्थ अलीगढ़’ अभियान का शुभारम्भ

नई दिल्ली : अलीगढ़ नगर निगम के मिशन “स्वच्छ अलीगढ़, स्वस्थ अलीगढ़” का शुभारम्भ महापौर एवं नगर आयुक्त ने सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, मंडल आयुक्त और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ और शिक्षक मौजूद रहे। रैली को सांसद सतीश गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एएमयू की ओर से समाज कार्य विभाग के शिक्षक-प्रो. मोहम्मद नसीम खान (पूर्व अध्यक्ष), डॉ. मोहम्मद ताहिर, डॉ. मोहम्मद आरिफ खान, डॉ. शाइना सैफ, डॉ. मोहम्मद उजैर और डॉ. समीरा खानम अपने विद्यार्थियों के साथ सक्रिय रूप से शामिल हुए। एएमयू के एनएसएस समन्वयक डॉ. मोहम्मद मोहसिन खान तथा जनसंपर्क कार्यालय की एमआईसी प्रो. विभा शर्मा भी उद्घाटन कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

एएमयू के छात्र-छात्राओं के विभिन्न समूह आने वाले हफ्तों में इस अभियान के अंतर्गत घर-घर, बाजारों और मोहल्लों में जाकर नागरिकों से संवाद करेंगे। वे दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को समझाएँगे कि कूड़ेदान का नियमित प्रयोग, नालियों में कचरा न डालना, सड़क और दुकान के बाहर सफाई रखना तथा थूकने जैसी आदतों से बचना शहर की सेहत और स्वच्छता के लिए अनिवार्य है। इन आउटरीच गतिविधियों के जरिए एएमयू के छात्र अलीगढ़ को एक स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाने में सक्रिय योगदान देंगे।

एएमयू प्रशासन ने कहा कि विश्वविद्यालय शहर, समाज के कल्याणकारी कार्यों में साझेदारी को अपने सामाजिक दायित्व का हिस्सा मानता है और आगे भी स्वच्छता, पर्यावरण व स्वास्थ्य से संबंधित अभियानों में सक्रिय सहयोग देता रहेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.