एएमयू के संस्कृत विभाग में आईसीटी कक्ष का उद्घाटन

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नव-निर्मित सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) कक्ष (ई-09) का उद्घाटन कला संकाय के डीन प्रो. टी. एन. सतीशन द्वारा किया गया।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो.सारिका वाष्र्णेय ने की। उन्होंने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए संस्कृत अध्ययन में आधुनिक तकनीक के समावेशन के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर प्रो. सतीशन और प्रो. वाष्र्णेय ने विभाग की अकादमिक पत्रिका ‘प्राच्य-प्रज्ञा’ के 38वें अंक का संयुक्त रूप सेविमोचन भी किया। अपने संबोधन में प्रो. सतीशन ने उच्च शिक्षा में तकनीकी प्रगति के महत्व को रेखांकित किया और विभाग द्वारा शैक्षणिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने के प्रयासों की सराहना की।
यह आईसीटी कक्ष छात्रों और शोधार्थियोंको तकनीक-संपन्न शैक्षणिक वातावरण प्रदान कर शिक्षण, अधिगम और अनुसंधान गतिविधियों को और सुदृढ़ करेगा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आयशा सिद्दीका ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. कृष्ण गोपाल ने प्रस्तुत किया।
