एएमयू पूर्व छात्र द्वारा अपनी माता की स्मृति में छात्रवृत्तियो की स्थापना

अलीगढ़ : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं दान दाता सदस्य मोहम्मद जावेद अख्तर ने अपनी दिवंगत माता सोफिया अख्तर की स्मृति में मिसेज सोफिया अख्तर स्कॉलरशिप स्थापित करने के लिए विश्वविद्यालय के एंडोमेंट फंड में 3 लाख का योगदान दिया है। इसका उद्देश्य मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करना है।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विमेंस कॉलेज में बी.ए. (इस्लामिक स्टडीज) की नियमित भारतीय छात्राओं को प्रतिवर्ष 500 प्रतिमाह की चार मेधा-आधारित छात्रवृत्तियां प्रदान की जाएंगी। छात्रवृत्ति के लिए चयन प्रत्येक वर्ष सर सैयद डे के अवसर पर तीन चरणों शैक्षणिक प्रदर्शन, छात्रवृत्ति परीक्षा और प्रबंध-चयन समिति के समक्ष व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
यह अख्तर द्वारा अपनी मातृ संस्था को दिए जा रहे दीर्घकालिक सहयोग की नवीनतम कड़ी है। इससे पूर्व उन्होंने वर्ष 2002 में अपने पिता की स्मृति में स्थापित दो छात्रवृत्तियों की निधि में वृद्धि की थी तथा इस्लामिक स्टडीज विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल के नवीनीकरण के लिए भी वित्तीय सहायता भी प्रदान की थी। इस हॉल का नाम प्रो. एन. अख्तर अय्यूबी कॉन्फ्रेंस हॉल रखा गया, जिसका उद्घाटन फरवरी 2025 में कुलपति द्वारा किया गया था।
सोफिया अख्तर अपनी करुणा, परोपकार, उत्कृष्ट संगठन क्षमता तथा शिक्षा एवं जनकल्याण के प्रति आजीवन समर्पण के लिए स्मरण की जाती हैं। इस छात्रवृत्ति के माध्यम से अख्तर का उद्देश्य एएमयू की प्रतिभाशाली छात्राओं को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना और उन्हें सशक्त बनाना है।
