एएमयू सामाजिक कार्य विभाग का एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों का इंडक्श्ज्ञन कार्यक्रम संपन्न

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सामाजिक कार्य विभाग का एमएसडब्ल्यू प्रथम सेमेस्टर के विधार्थियों के लिए आयोजित सात दिवसीय 31वां इंडक्शन कार्यक्रम कला संकाय के लाउंज में आयोजित समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य नए प्रवेशित विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय और विभाग की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ उनके शैक्षणिक, व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास में सहयोग देना था।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनसंपर्क विभाग की प्रभारी अंग्रेजी विभाग की प्रो. विभा शर्मा थीं, जबकि वाणिज्य विभाग के प्रो. शमीम अहमद विशिष्ट अतिथि रहे। विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. नसीम अहमद खान, वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रो. शहजाद और प्रशिक्षण एवं रोजगार अधिकारी (सामान्य) साद हमीद भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि प्रो. विभा शर्मा ने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य और प्राथमिकताएं स्पष्ट रखने तथा रुचि और पेशे के बीच संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान लोकप्रियता या भौतिक सफलता के बजाय उसके मूल्यों और चरित्र पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने व्यक्तित्व निर्माण में ‘तमीज’ और ‘तरबियत’ के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने सर सैयद अहमद खान के उस विचार का उल्लेख किया, जिसमें विद्यार्थियों को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया गया था।
विशिष्ट अतिथि प्रो. शमीम अहमद ने सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न विशेषज्ञताओं की जानकारी दी और विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं क्षमताओं के अनुसार व्यावसायिक क्षेत्र चुनने की सलाह दी। उन्होंने संवाद कौशल, शारीरिक हाव-भाव, विषय का ज्ञान, पेशेवर प्रस्तुति और अच्छे संबंध बनाने की क्षमता के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण एवं रोजगार अधिकारी साद हमीद ने रोजगार योजना पर विचार रखते हुए विद्यार्थियों से अपने उद्देश्य को स्पष्ट रखने, सही दिशा तय करने और मजबूत कार्य नैतिकता विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने विषय का ज्ञान, प्रभावी बोलने और लिखने की क्षमता तथा टीम भावना, सामाजिक और नेतृत्व गुणों से युक्त सकारात्मक व्यक्तित्व को सामाजिक कार्य के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से एएमयू की उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने, प्रारंभिक स्तर से ही अपने रोजगार की योजना बनाने और विभाग में प्रशिक्षण एवं रोजगार कार्यालय के स्वयंसेवकों के संपर्क में रहने की सलाह दी।
प्रो. नसीम अहमद खान ने इंडक्शन कार्यक्रम के उद्देश्य बताए और सरकारी तथा सामुदायिक क्षेत्रों में सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी।
इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत करते हुए सामाजिक कार्य विभाग के अध्यक्ष और इंडक्शन कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मोहम्मद ताहिर ने सामाजिक कार्य की भूमिका, क्षेत्र, कार्यक्षेत्र और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं को समाज में बदलाव लाने वाला बताते हुए विद्यार्थियों से प्रतिबद्धता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ अपने पेशे को अपनाने का आह्वान किया।
पूरे सप्ताह विद्यार्थियों ने सामाजिक कार्य, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, मनोचिकित्सा, सामुदायिक चिकित्सा, विकिरण चिकित्सा, निश्चेतना विज्ञान, क्षय एवं वक्ष रोग, मुख रोग विज्ञान, राजनीति विज्ञान और विद्यालयी शिक्षा विभागों के शिक्षकों द्वारा दिए गए करीब 30 व्याख्यानों में भाग लिया। रोजगार चयन, जनसंपर्क, गैर-सरकारी संगठनों और मानव संसाधन से जुड़े विशेषज्ञों ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मोहम्मद आरिफ खान ने किया। एमएसडब्ल्यू प्रथम वर्ष और अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र वितरित किए गए। डॉ. कुर्रतुल ऐन अली ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
