एएमयू के स्कूलों में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया। यह दिवस महान भारतीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। एएमयू एबीके हाई स्कूल ब्वॉयज, एएमयू एबीके हाई स्कूल गर्ल्स, एस.टी.एस. स्कूल, एएमयू गर्ल्स स्कूल, एएमयू सिटी गर्ल्स हाई स्कूल और अब्दुल्ला स्कूल में विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों में शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना को बढ़ावा दिया गया।
एएमयू एबीके हाई स्कूल ब्वॉयज में विद्यालय के खेल मैदान में विशेष खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया। पूर्व एएमयू कुलपति प्रो. मोहम्मद गुलरेज मुख्य अतिथि रहे। स्कूल शिक्षा निदेशालय की निदेशक प्रो. कुदसिया तहसीन और सहायक निदेशक डॉ. सालेहा जमाल मानद् अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यवाहक प्रधानाचार्य अफरोज अली, समन्वयक रईस अहमद और खेल शिक्षक एम. डी. इमरान खान सहित शिक्षक, छात्र और खिलाड़ी मौजूद रहे।
प्रो. मोहम्मद गुलरेज ने छात्रों के सर्वांगीण विकास में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवा खिलाड़ियों से समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धी भावना के साथ भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल टीम भावना, दृढ़ता, नेतृत्व और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। विभिन्न प्रतियोगिताओं के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
एएमयू एबीके हाई स्कूल गर्ल्स में विशेष प्रार्थना सभा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों तथा खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। यूनियन हॉल मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कार्यवाहक प्रधानाचार्य अफरोज अली और डॉ. एम.डी. असदुल्लाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। छात्रों ने हॉकी, रस्साकशी और शटल दौड़ में भाग लिया। वरिष्ठ वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता में ग्रीन टीम विजेता रही, जबकि रस्साकशी में ब्लू हाउस ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक वर्ग की रिले दौड़ में भी ब्लू हाउस प्रथम रहा। कार्यक्रम का आयोजन खेल प्रभारी शमशाद निसार आजमी और जीशान नवाब के मार्गदर्शन में किया गया तथा डॉ. फरहत परवीन ने समन्वय किया।
एस.टी.एस. स्कूल में मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेल उपलब्धियों पर व्याख्यान के साथ विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मोहम्मद अदनान खान ने छात्रों को मेजर ध्यानचंद के जीवन से परिचित कराया और समर्पण, अनुशासन, दृढ़ता तथा अच्छे चरित्र के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य फैसल नफीस ने छात्रों से “एक घंटा खेल के मैदान में” के आह्वान को अपनाने और खेलों को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने की अपील की। छात्रों ने नींबू-चम्मच दौड़, पुस्तक संतुलन दौड़, शटल दौड़, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल और रस्साकशी में भाग लिया।
एएमयू गर्ल्स स्कूल में योग प्रदर्शन, ताइक्वांडो मुकाबला, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और तालमेल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य आमना मलिक और उप प्रधानाचार्य अलका अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ तथा खेल प्रभारी मोहम्मद वसीम अहमद और शारीरिक शिक्षा शिक्षिका शालिनी चैहान ने इसका समन्वय किया।
एएमयू सिटी गर्ल्स हाई स्कूल में विभिन्न आयु वर्गों के लिए खेल प्रतियोगिताएं हुईं। कक्षा एक से तीन की नींबू दौड़ में आलिया आरिफ प्रथम, लबीबा कामरान द्वितीय और नबिया तृतीय रहीं। कक्षा चार और पांच की दो-पैर दौड़ में अनाबिया और शिजरा ने पहला, तेहरीम आसिफ और माहिरा ने दूसरा तथा अशिफा और आइजा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कक्षा छह से आठ की धीमी साइकिल दौड़ में जीविका पाठक प्रथम रहीं, जबकि कहकशां और गौसिया क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। कक्षा दस-बी ने कक्षा नौ के विरुद्ध रस्साकशी और कक्षा दस-ए के विरुद्ध क्रिकेट मैच में जीत हासिल की।
अब्दुल्ला स्कूल में कक्षा दो से पांच के छात्रों के लिए दौड़, पुस्तक संतुलन दौड़, खो-खो और रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खेल शिक्षक अजीम हमीद ने कार्यक्रम का समन्वय किया। विद्यालय की अधीक्षिका उमरा जहीर ने छात्रों को स्वस्थ और सक्रिय रहने के लिए खेलों को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
एएमयू के विभिन्न स्कूलों में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस समारोहों ने छात्रों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, दृढ़ता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान किया।
