एएमयू के शोधार्थी मोहम्मद यूसुफ को राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के भूविज्ञान विभाग के शोधार्थी मोहम्मद यूसुफ को ‘पर्यावरण, जलवायु और सतत विकास: विज्ञान, नीति और आगे की राह’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह सम्मेलन कश्मीर विश्वविद्यालय, हजरतबल, श्रीनगर के पर्यावरण विज्ञान विभाग और भू-सूचना विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था।
पुरस्कार जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और कश्मीर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मनोज सिन्हा ने प्रदान किया। इस अवसर पर कश्मीर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नीलोफर खान और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मोहम्मद यूसुफ को ‘शारदा-घाघरा दोआब में भूजल गुणवत्ता का आकलनः उत्तर प्रदेश के लखीमपुर का एक अध्ययन’ विषय पर शोध प्रस्तुति के लिए यह पुरस्कार मिला। उनकी प्रस्तुति उनके डॉक्टरेट शोध पर आधारित थी, जिसमें उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले के शारदा-घाघरा दोआब के कुछ क्षेत्रों में भूजल प्रवाह के प्रतिरूप और रासायनिक विशेषताओं का अध्ययन किया जा रहा है।
मोहम्मद यूसुफ भूविज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. राशिद उमर के निर्देशन में पीएचडी कर रहे हैं।
प्रो. राशिद उमर ने मोहम्मद यूसुफ को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट शोध कार्य और भूविज्ञान के क्षेत्र में योगदान की सराहना की।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.