एएमयू छात्रसंघ चुनाव तत्काल कराने की मांग, एएमयू पूर्व मीडिया सलाहकार प्रो. जसीम मोहम्मद ने कुलपति को भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों के समर्थन में आया पत्र

छात्रसंघ चुनाव की मांग के बीच एएमयू के प्रशासनिक कामकाज पर सवाल, तत्काल चुनाव कराने की मांग : जसीम मोहम्मद  पूर्व मीडिया सलाहकार, एएमयू

Courtesy :AMU

“छात्र संवाद और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व जरूरी”- प्रो.  जसीम मोहम्मद

 

अलीगढ़, 1 अक्टूबर। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्रसंघ की बहाली और चुनाव कराने की मांग को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच प्रो.  जसीम मोहम्मद, दानदाता सदस्य, पुरातन छात्र एवं एएमयू पूर्व मीडिया सलाहकार, एएमयू कुलपति प्रो. नईमा खातून को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। छात्र इसकी बहाली तथा नए चुनाव की मांग को लेकर आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे हैं।

 

अपने पत्र में प्रो. जसीम मोहम्मद ने एएमयू के वर्तमान प्रशासनिक एवं शैक्षणिक वातावरण पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अक्षमता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि विश्वविद्यालय में शैक्षिक गिरावट, प्रशासनिक कमियां तथा कैंपस में असामाजिक तत्वों के प्रभाव जैसी स्थितियां संस्थान के हित में नहीं हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि इन मुद्दों को उनके द्वारा समय-समय पर केंद्रीय शिक्षामंत्री के समक्ष उठाया गया है।

 

पूर्व मीडिया सलाहकार जसीम मोहम्मद ने एएमयू स्टूडेंट्स यूनियन को तत्काल बहाल करने, लिंगदोह समिति की सिफारिशों और संबंधित नियमों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराने तथा चुनाव की समय-सारणी सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों से कुलपति स्तर पर तत्काल संवाद स्थापित कर समाधान की समयबद्ध प्रक्रिया शुरू करने का भी आग्रह किया है।

पत्र में छात्रों के विरुद्ध अनावश्यक प्रताड़ना अथवा प्रतिशोधात्मक कार्रवाई से बचने तथा विश्वविद्यालय में संवाद और सामान्य शैक्षणिक वातावरण बहाल करने की मांग भी की गई है।  जसीम मोहम्मद ने पत्र की प्रतियां राष्ट्रपति भवन, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, यूजीसी सचिवालय तथा मीडिया को भी तत्काल कार्रवाई के लिए भेजने की बात कही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.