एएमयू और जामिया मिल्लिया को आतंकवाद का केंद्र बताना दुर्भाग्यपूर्ण एवं गैर-जिम्मेदाराना; जबकि प्रधानमंत्री ने मिनी इंडिया कहा : प्रोफेसर जसीम मोहम्मद
विश्वविद्यालयों को बंद कराने की धमकी नहीं, शिक्षा को मजबूत करने की जरूरत है: प्रोफेसर जसीम मोहम्मद

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और जामिया मिल्लिया इस्लामिया को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह द्वारा दिए गए हालिया बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के डोनर, पूर्व मीडिया सलाहकार एवं शिक्षाविद् प्रोफेसर जसीम मोहम्मद ने कहा कि किसी जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों को आतंकवाद का केंद्र बताना और उन्हें बंद कराने की बात करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और गैर-जिम्मेदाराना है। मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह को ऐसे बयान से बचना चाहिए था! जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एएमयू को मिनी इंडिया कहकर से संबोधित किया था।
प्रो जसीम मोहम्मद ने कहा कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि भारत की ऐतिहासिक, बौद्धिक और शैक्षिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी प्रकार जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने भी देश की शिक्षा, स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इन विश्वविद्यालयों ने देश को अनेक प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, वैज्ञानिक, न्यायविद्, प्रशासक, राजनयिक और समाजसेवी दिए हैं।
प्रोफेसर जसीम मोहम्मद ने कहा कि भारत का संविधान किसी भी नागरिक या जनप्रतिनिधि को किसी विश्वविद्यालय के अस्तित्व पर व्यक्तिगत इच्छा के आधार पर निर्णय लेने का अधिकार नहीं देता।
विश्वविद्यालय निर्धारित संसदीय कानूनों, वैधानिक प्रक्रियाओं और संवैधानिक व्यवस्था के अंतर्गत संचालित होते हैं। संविधान का अनुच्छेद 30 अल्पसंख्यकों को अपनी पसंद के शैक्षणिक संस्थान स्थापित एवं संचालित करने का अधिकार प्रदान करता है। किसी भी संस्थान के संबंध में निर्णय कानून और सक्षम प्राधिकार की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही हो सकता है।
पूर्व मीडिया सलाहकार अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी जसीम मोहम्मद ने कहा कि यदि कहीं कोई गैरकानूनी गतिविधि होती है तो दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, न कि पूरे विश्वविद्यालय और उसके विद्यार्थियों को बदनाम किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेतृत्व की जिम्मेदारी विश्वविद्यालयों को कमजोर करना नहीं, बल्कि शिक्षा, शोध, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करना है।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और जामिया मिल्लिया इस्लामिया भारत की साझा शैक्षणिक विरासत हैं, इन्हें राजनीतिक बयानबाजी का निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
