दिल्ली के कॉलेजों में होगी एआई शिक्षा पर कार्यशाला, सेंटर फॉर नमो स्टडीज ने मांगे प्रस्ताव, चयनित मेजबान संस्थान को एक लाख की वित्तीय सहायता
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बदलेगी उच्च शिक्षा की तस्वीर: दिल्ली के कॉलेजों को नमो अध्ययन केन्द्र की कार्यशाला श्रृंखला से जुड़ने का आमंत्रण

प्रो. जसीम मोहम्मद, सभापति, सेंटर फॉर नमो स्टडीज ने बताया कि, प्रस्तावित सम्मेलन श्रृंखला का उद्देश्य उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार, प्रभावी और नवाचार-आधारित उपयोग को लेकर शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं, उद्योग विशेषज्ञों और संस्थागत नेतृत्व के बीच सार्थक संवाद स्थापित करना है।
सम्मेलनों का आयोजन दिल्ली और एनसीआर के उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम क्षेत्रों में विभिन्न चयनित संस्थान के सहयोग से किया जाएगा। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षण एवं अधिगम, पाठ्यक्रम में बदलाव एवं भविष्य के कौशल, AI आधारित शोध एवं नवाचार, संस्थागत प्रशासन एवं डेटा-आधारित निर्णय-निर्माण तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नैतिक, सामाजिक और समानता संबंधी पहलुओं पर चर्चा होगी।
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप शिक्षा में तकनीक, नवाचार, अनुसंधान और भविष्य के कौशल को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। सेंटर फॉर नमो स्टडीज का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से विस्तार के बीच उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए इसके अवसरों के साथ-साथ डेटा गोपनीयता, नैतिकता, समानता और जिम्मेदार उपयोग जैसे विषयों पर भी गंभीर विचार-विमर्श आवश्यक है।
प्रो. जसीम मोहम्मद, चेयरमैन, सेंटर फॉर नमो स्टडीज, ने कहा कि यह पहल शिक्षा जगत को AI के बदलते परिदृश्य पर संवाद, अनुभव-साझाकरण और व्यावहारिक रणनीतियां विकसित करने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में है।
प्रो. दिव्या तंवर, को-कोऑर्डिनेटर ने कहा कि इच्छुक संस्थानों को अपने ईओआई में पसंदीदा क्षेत्र, दो संभावित तिथियां, संस्थागत तैयारी एवं संबंधित अनुभव तथा नोडल/समन्वय अधिकारी का विवरण देना होगा। आवेदन 31 अक्टूबर 2026 तक namostudies@gmail.com पर भेजे जा सकते हैं।
चयनित मेजबान संस्थानों को सेंटर फॉर नमो स्टडीज के समन्वय से सम्मेलन का आयोजन, आवश्यक लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था, संबंधित हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सम्मेलन की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। प्रत्येक चयनित कॉलेज/संस्थान को दो दिवसीय सम्मेलन के आयोजन के लिए चेक द्वारा एक लाख की वित्तीय सहायता सेंटर फॉर नमो स्टडीज द्वारा प्रदान की जाएगी।
