अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व एएमयू में योग के चिकित्सकीय लाभों पर संगोष्ठी एवं पूर्व-आयोजन गतिविधियाँ आयोजित

नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की तैयारियों के तहत अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालिज के चिकित्सा विभाग द्वारा ‘योग के चिकित्सकीय लाभ’ विषय पर विभागीय संगोष्ठी कक्ष में एक संगोष्ठी आयोजित की गई।
चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष प्रो. ख्वाजा सैफुल्लाह ज़फ़र ने उद्घाटन भाषण में योग के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया। संगोष्ठी में डॉ. लुबना ज़फ़र, डॉ. सैफ कैसर, डॉ. सिद्धार्थ गुप्ता, और वरिष्ठ रेज़िडेंट डॉ. शारिक अयाज़ ने योगाभ्यासों के चिकित्सकीय लाभों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. देवड़ा अम्बालाल ने ऑडियो विज़ुअल माध्यमों की सहायता से सूर्य नमस्कार के विभिन्न चरणों को समझाया और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी प्रमुख योगासन भी प्रदर्शित किए।
एएमयू के अब्दुल्ला स्कूल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें योग प्रदर्शन, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता और “हमारे जीवन में योग का महत्व” विषय पर निबंध लेखन गतिविधि शामिल थीं।
पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 3ए के अब्दुल आहद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सादिया फ़ातिमा (कक्षा 3ए) और इनाया अंसारी (कक्षा 5ए) क्रमशः द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं।
इन सभी गतिविधियों का समापन एक विशेष स्कूल असेम्बली में हुआ, जिसमें छात्रों ने अंग्रेज़ी, हिंदी और उर्दू में योग के महत्व पर भाषण प्रस्तुत किए। ये सभी कार्यक्रम स्कूल अधीक्षिका उमरा ज़हीर के निर्देशन, शारीरिक शिक्षा शिक्षक अज़ीम हमीद की देखरेख, तथा अर्शिया आफ़ताब और सहेबा असीम के सहयोग से आयोजित किए गए।
