एएमयू में प्रधानमंत्री विकास योजना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सतत एवं प्रौढ़ शिक्षा तथा विस्तार केंद्र द्वारा विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों तथा अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की इस प्रमुख योजना के अंतर्गत कौशल विकास, उद्यमिता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और रोजगार से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं एवं अवसरों की जानकारी देना था।
इस अवसर पर केंद्र के निदेशक डॉ. शमीम अख्तर ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने में कौशल विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है।
रिसोर्स पर्सनों के रूप में वाणिज्य विभाग की डॉ. नगमा अजहर तथा शिक्षा विभाग के डॉ. मोहम्मद शाकिर ने प्रधानमंत्री विकास योजना के उद्देश्यों और लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने योजना के अंतर्गत व्यावसायिक प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास, शैक्षिक सहायता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा उपलब्ध रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विकास योजना की प्रशिक्षक नाजिया हुसैन, इल्मा चैधरी तथा सानिया खान भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने योजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जानकारी संबंधी सामग्री भी वितरित की गई।
अंत में डॉ. शमीम अख्तर ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.