एएमयू में एंटी-रैगिंग सप्ताह मनाया गया

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में एंटी-रैगिंग सप्ताह विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं के साथ मनाया गया। इसका उद्देश्य छात्रों को रैगिंग के हानिकारक परिणामों से अवगत कराना और सुरक्षित, सम्मानजनक व समावेशी कैंपस वातावरण को बढ़ावा देना था।

गृह विज्ञान विभाग ने पोस्टर बनाने, निबंध लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया, जिनके माध्यम से दया, सम्मान और अनुशासन का संदेश दिया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में जूबिया मसूद ने पहला, अल्मास नाज ने दूसरा और शिरीन अबीदा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता बीएससी द्वितीय वर्ष की जैना खान ने जीती, जबकि वाद-विवाद प्रतियोगिता में शीरीन, रम्शा और युसरा विजेता घोषित हुए। विभाग में “रैगिंग अपराध है – आइए मिलकर इसे खत्म करें” स्लोगन वाले पोस्टर भी लगाए गए।

सर जियाउद्दीन हॉल में जश्न-ए-वतन के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य संकाय के डीन और अध्यक्ष प्रो. आसिफ खान ने छात्रों से अलीग संस्कृति को पुनर्जीवित करने और रैगिंग को सख्ती से अस्वीकार करने का आह्वान किया। हॉल के प्रोवोस्ट डॉ. इफ्तेखार अहमद अंसारी ने छात्रों से अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। जनरल वार्डन डॉ. शहाब शब्बीर ने अनुशासन और आपसी सम्मान पर जोर दिया। सीनियर हाल अदनान खान ने छात्रों से आपसी करुणा, एकता और ईमानदारी बनाए रखने की अपील की।

सप्ताह का समापन छात्रों की सामूहिक प्रतिज्ञा के साथ हुआ कि वे सद्भाव, अनुशासन और सम्मान बनाए रखेंगे और रैगिंग या उत्पीड़न के हर रूप का मिलकर विरोध करेंगे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.