अमुवि के हादी हसन हॉल में वार्षिक समारोह का आयोजन

नई दिल्ली  : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के हादी हसन हॉल में वार्षिक समारोह शैक्षणिक उत्कृष्टता, व्यक्तित्व विकास और एएमयू की परंपरागत मूल्यों के अनुरूप उत्सवपूर्वक मनाया गया। अध्यक्षता एएमयू के पूर्व कुलपति प्रो. मोहम्मद गुलरेज ने की। उन्होंने हॉल के छात्रों की उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें विश्वविद्यालय की उच्च शैक्षणिक और नैतिक मानकों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

प्रो. गुलरेज ने छात्रों से सह-पाठ्यक्रम और पाठ्येतर गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की, जिससे उनके समग्र विकास को बढ़ावा मिले। उन्होंने भावी चिकित्सकों की महान जिम्मेदारियों को रेखांकित करते हुए समाज के वंचित वर्गों के प्रति सहानुभूति और सेवा भावना को अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सहकुलपति प्रो. एम. मोसिन खान ने हॉल प्रशासन और छात्रों के प्रयासों की प्रशंसा की और आवासीय जीवन तथा शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने के लिए संस्थागत सहयोग का आश्वासन दिया।

विशेष अतिथियों में प्रो. एम. वसीम अली (प्रॉक्टर) और प्रो. रफीउद्दीन (डीन, स्टूडेंट्स वेलफेयर) ने छात्रों की सामूहिक भावना और संकल्पशक्ति की सराहना की। उन्होंने हॉल में जीवंत और समावेशी वातावरण को बढ़ावा देने के प्रयासों को सराहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. एम. अतहर अंसारी, प्रोवोस्ट, हादी हसन हॉल के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने हॉल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और उन सभी शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने हॉल की उत्कृष्टता की परंपरा को बनाए रखने में योगदान दिया।

डॉ. मोहम्मद इमरान, वरिष्ठ फूड मॉनिटर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियाँ, विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में उनकी जीत और सांस्कृतिक व खेल आयोजनों की सफल प्रस्तुति का जिक्र किया गया। उन्होंने रीडिंग रूप में एयर कंडीशनर लगाने के लिए प्रशासन का धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

हॉल के पदाधिकारियों को अनुशासन बनाए रखने और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन में उनकी भूमिका के लिए स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अल्तमाश अहमद ने किया, जबकि डॉ. एहतिशाम अहमद हम्दी ने आगामी कार्यक्रमों के बारे में बताया।

कार्यक्रम का संचालन शहान उस्मानी और हमजा खान ने किया। प्रो. एस. एम. अब्बास वसीम सहित सभी वार्डनों और हॉल स्टाफ को उनके सहयोग के लिए विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.