एएमयू की ग्यारहवीं कक्षा की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की ग्यारहवीं कक्षा (विज्ञान स्ट्रीम) और डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग, और ग्यारहवीं कक्षा (वाणिज्य और कला/मानविकी स्ट्रीम) के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा आज अलीगढ़ के 35 केंद्रों सहित श्रीनगर, लखनऊ, मेरठ, बरेली, पटना, कोलकाता, किशनगंज और दिल्ली केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई।

ग्यारहवीं कक्षा के विज्ञान/डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग स्ट्रीम के लिए कुल 30592 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था और 26327 उम्मीदवार प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए। ग्यारहवीं कक्षा (मानविकी और वाणिज्य स्ट्रीम) में प्रवेश के लिए 7797 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।

इसके अतिरिक्त, एसएसएससी ब्रिज कोर्स के लिए 195 छात्रों ने आवेदन किया था।

कुलपति प्रोफेसर नइमा खातून ने सहकुलपति प्रो. एम मोहसिन खान, प्रॉक्टर प्रोफेसर एम. वसीम अली व उनकी टीम के सदस्यों के साथ एसटीएस स्कूल, आर्ट्स फैकल्टी, सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल (ब्वायज), आरएमपीएस सिटी स्कूल समेत कई परीक्षा केंद्रों का दौरा किया और परीक्षा के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया।

प्रोफेसर नईमा खातून ने प्रवेश परीक्षा के बारे में जानकारी ली और केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा प्रक्रियाओं और जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने उम्मीदवारों के माता-पिता और अभिभावकों से भी बातचीत की।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुजीब उल्लाह जुबेरी ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से परीक्षा आयोजित करने में शिक्षकों और अन्य अधिकारियों की भूमिका की सराहना की। एएमयू ने स्थानीय केंद्रों पर पर्यवेक्षक के रूप में वरिष्ठ शिक्षकों को तैनात किया था। जबकि अलीगढ़ के बाहर स्थित केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा के सुचारू संचालन की निगरानी के लिए कुछ वरिष्ठ शिक्षकों को समग्र प्रभारी नियुक्त किया गया था।

परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के माता-पिता/अभिभावकों को पीने का पानी और अन्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), गैर सरकारी संगठनों, छात्रों और गैर-शिक्षण समुदाय के स्वयंसेवकों द्वारा विशेष सहायता केंद्र आयोजित किए गए थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.