एएमयू के शिक्षक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक शोध पत्रिका के संपादक नियुक्त

अलीगढ़, मोहम्मद कामरान : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्लांट प्रोटेक्शन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. जियाउल हक को वर्ष 2026-2028 के लिए इंडियन फाइटोपैथोलॉजी (स्प्रिंगर) पत्रिका का संपादक (नेमेटोलॉजी) नियुक्त किया गया है।
इंडियन फाइटोपैथोलॉजी, इंडियन फाइटोपैथोलोजिकल सोसाइटी द्वारा प्रकाशित एक प्रतिष्ठित सहकर्मी-समीक्षित (पीयर-रिव्यूड) वैज्ञानिक शोध पत्रिका है। यह पत्रिका वेब ऑफ साइंस, स्कोपस, बायोसिस तथा गूगल स्कॉलर सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय डेटाबेस में सूचीबद्ध है।
यह नियुक्ति पौध संरक्षण अनुसंधान तथा नेमेटोलॉजी के क्षेत्र में डॉ. हक के उल्लेखनीय योगदान की मान्यता है। उन्होंने अब तक 110 से अधिक शोध प्रकाशनों का लेखन किया है, जिनमें 12 पुस्तकें, 40 शोध-पत्र तथा 58 शोध आलेख शामिल हैं।
