काठमांडू अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में एएमयू के शोधकर्ता को बेस्ट पेपर अवार्ड

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वाणिज्य विभाग में पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्च कर रहे डॉ. मोहम्मद उमर फारुख को “कॉमर्स, मैनेजमेंट, ह्यूमैनिटी, साइंस और टेक्नोलॉजी में तेज़ विकास के लिए नवाचार” विषय पर काठमांडू में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में बेस्ट पेपर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। वह प्रोफेसर नवाब अली खान के मार्गदर्शन में शोध कार्य कर रहे हैं।

यह सम्मान डॉ. फारुख के रिसर्च पेपर “ग्रामीण भारत में फिनटेक क्रांतिः पश्चिमी उत्तर प्रदेश में डिजिटल वित्तीय समावेशन का अध्ययन” के लिए दिया गया, जिसे उन्होंने कॉन्फ्रेंस की ऑनलाइन तकनीकी सत्र में प्रस्तुत किया।

अपने शोध में उन्होंने बताया कि कैसे मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई प्लेटफॉर्म और आधार आधारित भुगतान प्रणालियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं की पहुंच को आसान बनाया है। अब पहले से वंचित या कम सेवाएं पाने वाले लोग भी औपचारिक बैंकिंग से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालाँकि डिजिटल साक्षरता की कमी, ढांचागत समस्याएं और साइबर सुरक्षा जैसे कई चुनौतियाँ हैं, फिर भी स्मार्टफोन की बढ़ती पहुंच और सरकार की जन-धन योजना जैसी पहलों ने इस क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया है।

कॉमर्स विभाग के अध्यक्ष और कॉमर्स फैकल्टी के डीन प्रोफेसर मोहम्मद आसिफ खान ने डॉ. फारुख को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान विभाग और विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और एएमयू में हो रहे उच्च गुणवत्ता वाले शोध कार्य को दर्शाता है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.