एएमयू ने खेल भावना और प्रो. मोहम्मद शुएब ज़हीर की विरासत को यादगार क्रिकेट जीत के साथ किया याद

नई दिल्ली : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की समृद्ध खेल परंपरा और एकता व सामुदायिक सहभागिता के संकल्प को समर्पित एक स्मृति क्रिकेट मैच में एएमयू इलेवन ने जिला प्रशासन इलेवन को तीन विकेट से हराकर स्वर्गीय प्रो. मोहम्मद शुएब ज़हीर (पूर्व सचिव, यूनिवर्सिटी गेम्स कमेटी) को श्रद्धांजलि दी। यह मुकाबला एएमयू के ऐतिहासिक क्रिकेट पवेलियन पर खेला गया, जिसमें विश्वविद्यालय की सशक्त खेल संस्कृति और स्थानीय प्रशासन के साथ सहयोगात्मक भावना को दर्शाया गया।
यह मैत्रीपूर्ण मैच केवल क्रिकेट कौशल का प्रदर्शन नहीं था, बल्कि आपसी भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द की उन मूल्यों को समर्पित था, जिन्हें प्रो. ज़हीर जीवन भर संजोए रहे। वह एक सम्मानित शिक्षक और खेल प्रेमी थे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए जिला प्रशासन इलेवन ने 20 ओवर में 169 रन बनाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री संजीव सुमन ने 41 गेंदों में शानदार 72 रन बनाकर टीम को मज़बूत स्कोर तक पहुँचाया, वहीं फ़राज़ ने 10 गेंदों में तेज़ 22 रन जोड़े। एएमयू की ओर से डॉ. अरशद बारी ने गेंदबाज़ी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर विपक्ष की रफ्तार पर अंकुश लगाया।
जवाब में एएमयू इलेवन ने संयम और आत्मविश्वास दिखाया। सलामी बल्लेबाज़ तहमीद अहमद ने 40 गेंदों में शानदार 68 रनों की पारी खेली जबकि मोहम्मद फ़ाज़िल ने 21 गेंदों में 29 रन बनाकर अहम योगदान दिया। एएमयू की टीम ने 19-3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर तीन विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
पुरस्कार वितरण समारोह में एएमयू के प्रो-वाइस-चांसलर प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान ने दोनों टीमों को ट्रॉफी भेंट की और प्रो. ज़हीर को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा प्रो. ज़हीर अनुशासन, शिक्षा और सौहार्द के प्रतीक थे। वे हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। आज का मैच केवल एक खेल नहीं, बल्कि उन आदर्शों का उत्सव था जिनके लिए वे जीवन भर समर्पित रहे।”
एसएसपी श्री संजीव सुमन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया, जबकि तहमीद अहमद (एएमयू) को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ और आईपीएस मयंक पाठक को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक चुना गया।
मैच में अंपायर की भूमिका अहमद और शारिक ने निभाई, स्कोरिंग का कार्य अरीब और किरमानी ने किया जबकि संचालन मज़हरुल क़मर ने किया। इस अवसर पर पूर्व रणजी खिलाड़ी असलम अली, सईद, डॉ. क़मर आलम और इमरान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
एएमयू गेम्स कमेटी के सचिव प्रो. सैयद अमजद अली रिज़वी और वरिष्ठ क्रिकेट कोच डॉ. फैसल शेरवानी ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए एएमयू की खेल भावना और संस्थाओं के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
