जेएन मेडिकल कालिज में “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण अभियान आयोजित

नई दिल्ली : पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए और राष्ट्रीय अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के जवाहर लाल नेहरू मेडीकल कालिज में एक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व फैकल्टी ऑफ मेडिसिन के डीन और जेएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. हबीब रजा ने किया। इस अवसर पर फैकल्टी सदस्यों, छात्रों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हरित एवं स्वस्थ भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस आयोजन में एनाॅटमी विभाग के अध्यक्ष प्रो. फजलुर रहमान, प्रो. अतहर अंसारी, फारेंसिक मेडीसन विभाग की प्रो. सादिया सईद, टीबी एण्ड रेसपायरेटरी विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद शमीम, फार्माकालोजी विभागाध्यक्ष प्रो. जियाउर रहमान, प्रो. गुलाम सरवर हाशमी, और कम्यूनिटी मेडीसिन विभागाध्यक्ष प्रो. उजमा इरम, प्रो. गुल आर नबी खान सहित कई वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने भाग लिया और परिसर में पौधारोपण किया। प्रत्येक पौधा उनकी माताओं को समर्पित किया गया, जिससे यह अभियान एक भावनात्मक पहलू से जुड़ गया और यह संदेश दिया गया कि जैसे एक माँ अपने बच्चे की परवरिश करती है, वैसे ही पेड़ भी देखभाल और प्रेम से पनपते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. हबीब रजा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व और शैक्षणिक संस्थानों की इस दिशा में भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल धरती की जीवनरेखा हैं, बल्कि यह पीढ़ियों के बीच एक पवित्र संबंध और संरक्षण की भावना का प्रतीक भी हैं।
इस कार्यक्रम में डीन और प्रिंसिपल कार्यालय के बड़ी संख्या में छात्रों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा लगाए गए पौधों की देखभाल और उन्हें स्वस्थ रूप से विकसित करने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।
