जेएन मेडीकल कालिज ने नशा मुक्ति जागरूकता अभियान को दी गति

अलीगढ़ : नशीले पदार्थों के बढ़ते दुरुपयोग की चुनौती से निपटने के लिए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के मनोरोग विभाग ने अलीगढ़ शहर तथा विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है।

इस अभियान के अंतर्गत जेएनएमसी के मनोरोग विभाग एवं शरीर क्रिया विज्ञान (फिजियोलॉजी) विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 27 जून को दोपहर 1 बजे जेएन मेडीकल कालिज के लेक्चर थिएटर-1 (एलटी-1) में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आमजन को नशीली दवाओं और पदार्थों की लत के दुष्प्रभावों, इसके प्रारंभिक लक्षणों, रोकथाम के उपायों तथा समय पर उपचार एवं हस्तक्षेप के महत्व के प्रति जागरूक करना है।

मनोरोग विभाग द्वारा सोमवार से शनिवार तक प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक समर्पित नशा मुक्ति उपचार केंद्र भी संचालित किया जा रहा है। इस केंद्र पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में निःशुल्क दवाएं, पेशेवर परामर्श तथा व्यापक नशा मुक्ति सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.