एएमयू विमेंस कॉलेज में गांधी फेलोशिप कार्यक्रम पर प्री-प्लेसमेंट टॉक आयोजित

नई दिल्ली : मुस्लिम विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिस (जनरल) द्वारा पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से विमेंस कॉलेज में गांधी फेलोशिप कार्यक्रम पर एक प्री-प्लेसमेंट टॉक आयोजित की गई।
अंतिम वर्ष की स्नातक छात्राओं के लिए आयोजित इस सत्र में सामाजिक उद्यमिता और नेतृत्व विकास के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. शगुफ्ता इम्तियाज ने की, जिन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए इस प्रकार की पहलों को छात्रों के अनुभव और करियर विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
पिरामल फाउंडेशन की ओर से वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक निशा शर्मा तथा कार्यक्रम लीडर अवनीत कौर ने 23 माह की गांधी फेलोशिप के बारे में जानकारी दी और बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा उद्देश्यपूर्ण करियर निर्माण में सहायक है। उन्होंने सॉफ्ट स्किल्स, आत्म-विकास और सामाजिक परिवर्तन में सार्थक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर साद हमीद ने सफलता के लिए उद्देश्य की स्पष्टता को आवश्यक बताया, जबकि डॉ. मंसूर आलम सिद्दीकी ने ऐसे फेलोशिप कार्यक्रमों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये भविष्य के नेताओं को तैयार करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने में सहायक हैं।
कार्यक्रम का समन्वय मामून यासीन ने किया, जबकि संचालन अरबिया फातिमा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत ऐमन कादर के स्वागत भाषण से हुई और समापन उमाम द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
